कोई भी सक्रिय कार्यकर्ता सक्रिय सदस्यता से वंचित न रहे इसकी चिंता करें कार्यकर्ता-श्री अभय चौधरी
भारतीय जनता पार्टी चुनाव कार्यक्रम के हर चरण को उत्सव के रूप में मनाती है। बूथ से लेकर मंडल तक के चुनाव में संगठन की गाइड-लाइन के अनुसार कार्य चल रहा है। ग्वालियर जिले के सभी कार्यकर्ता पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों ने संगठन पर्व में सदस्यता अभियान को प्रभावी रूप से पूरा किया है। संगठन पर्व में ग्वालियर जिले में 2 लाख से अधिक सदस्य बनाकर नया रिकॉर्ड बनाया है। आप सभी को सक्रिय सदस्य बनाएं, कोई भी सक्रिय कार्यकर्ता सक्रिय सदस्यता से वंचित न रहे, इसकी आप सभी को चिंता करनी है। उक्त बात जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने मंगलवार को जिला कार्यालय मुखर्जी भवन में भाजपा के सक्रिय सदस्यता की सूची प्रकाशित करते हुए कही।
अभय चौधरी ने कहा कि संगठन पर्व में आप सभी कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत के साथ कार्य किया है और आप सभी को भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बनकर कार्यकर्ता के रूप में आगामी समय में कार्य करना है। कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि कोई भी अभियान या चुनाव हो, बूथ से लेकर मंडल तक हमें जो कार्य सौंपा जाता है, उसे जमीन पर उतारने का काम पार्टी कार्यकर्ता करते हैं।
अभय चौधरी ने कहा कि प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता अभियान का चरण पूरा हो चुका है। इसके बाद बूथ समितियों का गठन किया जाएगा। हर बूथ में 11 सदस्यीय टीम का गठन किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक बूथ पर कम से कम दो सक्रिय सदस्य बनाएं जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं को बूथ समितियों के गठन की जिम्मेदारी दी गई है, वह तय समय पर अपना कार्य पूरा करें।
इस अवसर पर सक्रिय सदस्यता अभियान टोली के संयोजक विवेक जोशी, जिला उपाध्यक्ष एवं सक्रिय संदस्यता टोली के सह संयोजक अरुण कुलश्रेष्ठ, जिला महामंत्री विनोद शर्मा, विनय जैन आदि मौजूद रहे।
बैठक का संचालन महामंत्री राजू पलैया ने किया।
इस अवसर पर सभी मंडल अध्यक्ष एवं मंडल सहयोगी उपस्थित रहे।
नवीन चौधरी
जिला मीडिया प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी












