होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा का 76वां स्थापना दिवस समारोह
ग्वालियर।
होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा का 76वां स्थापना दिवस समारोह होमगार्ड बहोड़ापुर ग्वालियर लाइन में मनाया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महापौर डाॅ. शोभा सतीश सिंह सिकरवर ने उपस्थित होकर होमगार्ड की परेड की सलामी ली तथा राष्ट्र व समाज की समर्पित भाव से काम करने वाले होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के जवानों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं होमगार्ड तथा आपदा प्रबंधन बल के अधिकारी, कर्मचारी तथा स्वयंसेवक उपस्थित थे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर डाॅ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार के आगमन के उपरांत सर्वप्रथम आकर्षक परेड का आयोजन किया गया। परेड को चार प्लाटून में बांटा गया। इसके उपरांत डिवीजनल कमांडेंट होमगार्ड ग्वालियर द्वारा स्वागत भाषण एवं स्थापना दिवस के अवसर पर प्राप्त राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री भारत सरकार के संदेशों का वाचन किया गया। संदेश वाचन उपरांत आपदा प्रबंधन ग्वालियर के अधिकारियों कर्मचारियों एवं सैनिकों द्वारा मॉकड्रिल का प्रदर्शन किया गया जिसके अंतर्गत घायल व्यक्ति को ऊंची बिल्डिंग से सावधानी पूर्वक नीचे उतारा गया इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यøमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर महापौर डाॅ. सिकरवार ने कहा कि होमगार्ड के अधिकारी एवं जवान चाहे वह चुनाव ड्यूटी हो कानून व्यवस्था ड्यूटी हो या अन्य किसी तरह की ड्यूटियां हों पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ड्यूटी करते हैं। मैं विभाग के जवानों को उनकी कर्तव्य परायणता के लिए उन्हें इस अवसर पर हार्दिक बधाई देती हूं।
मुख्य अतिथि के उद्बोधन के उपरांत उपस्थित सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को शॉल एवं श्रीफल भेंट किया गया। होमगार्ड एवं आपदा प्रबंधन के ऐसे अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वयंसेवकों जिन्होंने गत 1 वर्ष के दौरान सराहनीय कार्य कर विभाग को गौरवान्वित किया है उन्हें मुख्य अतिथि महोदय द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। आपदा प्रबंधन इकाई ग्वालियर द्वारा उपलब्ध उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई जिसका अवलोकन सभी के द्वारा किया गया एवं प्रशंसा की गई। कार्यक्रम के अंत में डिवीजनल कमांडेंट द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को विभाग की ओर से मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।












