आर्ट फॉर चेंज वर्कशॉप, प्रतिभागी उत्साह के साथ कर रहे कला कार्य’
ग्वालियर।
मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय ललित कला महाविद्यालय, ग्वालियर में तीन दिवसीय ‘आर्ट फाॅर चेंज’ वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को वर्कशॉप का द्वितीय दिवस था। प्रातः 10 बजे से 102 प्रतिभागियों ने अपना कला कार्य प्रारम्भ किया। बता दें वर्कशॉप में प्रतिभागियों को कला के माध्यम से व्यवहार परिवर्तन को लेकर कलाकार्य करना है, जिस हेतु उन्हें तीन विषय प्रदान किये गये हैं, जिनमें ‘शिक्षा रहे जारी’ शाला में भी घर में भी, मां एवं बच्चे का पोषण एवं पर्यावरण, जल संरक्षण एवं स्वच्छ भारत मिशन शामिल है।
वर्कशॉप के प्रथम दिवस यूनिसेफ के स्त्रोत व्यक्ति अभिषेक जैन द्वारा उक्त विषयों को प्रतिभागियों को समझाया और प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी थी। द्वितीय दिवस प्रतिभागियों ने उक्त विषयों में से किसी एक विषय को चुनकर उन पर अपनी कल्पना के माध्यम से विचार विकसित कर कैनवास पर उकेरना प्रारम्भ कर दिया। वर्कशॉप में कोई प्रतिभागी उकेर रहा है कि गर्भवती मां को उचित पोषण मिलने पर बच्चा भी स्वस्थ्य होगा।
किसी प्रतिभागी ने कैनवास पर उकेरा कि जो लोग पहले पर्यावरण से छेड़छाड़ कर उसे बर्बाद करते हैं और वही बाद में हड़ताल जैसी गतिविधियां करते हैं। किसी ने अपनी कलाकृति के माध्यम से शिक्षा की आवश्यकता को दिखाने का प्रयास किया है। तो वहीं शासकीय ललित कला महाविद्यालय, ग्वालियर के कुछ छात्र वर्कशॉप के विषयों को आधार बनाकर वुड कार्विंग, स्क्रैप आर्ट इत्यादि जैसे माध्यमों में भी कलाकार्य कर रहे हैं। गौरतलब है कि उक्त वर्कशॉप में प्रतिभागी चारकोल, वाटर कलर, एक्रेलिक, पेन-पेंसिल, ड्राॅइंग, पेस्टल, ट्रेडिशनल जैसे माध्यमों में कला कार्य कर रहे हैं। 7 दिसम्बर बुधवार को अंतिम दिवस होगा, जिसमें प्रतिभागी अपने कलाकार्य को पूर्ण करेंगे एवं समापन समारोह आयोजित किया जायेगा। इस अवसर पर शासकीय ललित कला महाविद्यालय, ग्वालियर के प्रशासनिक प्रभारी मधुसूदन शर्मा सहित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।












