ग्वालियर ।
जेयू के गालव सभागार में अंतर्महाविद्यालयीन जिला स्तरीय युवा उत्सव के दूसरे दिन समूह गान भारतीय, एकल गायन पाश्चात्य, समूह गान पाश्चात्य, वाद-विवाद, वक्तृत्वकला,पोस्टर मेकिंग की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन सभी प्रतियोगिताओं में छात्र छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा छात्राओं ने अपने गीत के माध्यम से कई महत्वपूर्ण संदेश दिए। दूसरे दिन की प्रतियोगिता की शुरूआत में युवा उत्सव प्रभारी प्रो.मीना श्रीवास्तव ने कहा कि छात्र छात्राएं अपनी पूरी ऊर्जा और क्षमता के साथ प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह मंच उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के लिए ही बनाया गया है।

इसके बाद प्रतियोगिताएं शुरू की गईं।छात्र- छात्राओं ने लोकगीत व राष्ट्रगीत पूरे उत्साह के साथ प्रस्तुत किया जो अत्यधिक मनमोहक रहा। समूह गायन परदेशी से बात न पूछो कैसे हम आजाद हुए पर कंचन दुबे, इशिका , कान्हा व्यास ने शानदार प्रस्तुति दी।
वहीं एसएलपी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने धीरे धीरे वहना नदियां,कुछ भी कहना हो नदियां के माध्यम से मनुष्य के जीवन के संघर्ष को बताया।एकल पाश्चात्य में कंचन, मयंक, अमन ने मोटिवेशनल सांग की प्रस्तुति दी। वहीं समूह पाश्चात्य में समीक्षा दुबे, साक्षी राजावत, हिमांशी त्यागी, हर्षिता सक्सेना ने अपबीट पर समां बांधा। इसी क्रम में वक्तृत्वकला कला प्रतियोगिता आयोजित हुई।वाद विवाद प्रतियोगिता में पक्ष विपक्ष ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लाभ हानि पर तर्क दिए। वहीं पोस्टर मेकिंग में शुभम, श्रुति, अम्बिका ने प्लास्टिक हटाओ देश बचाओ पर पोस्टर प्रजेंट किया।इस मौके पर प्रो.मीना श्रीवास्तव, डॉ.कृष्णा सिंह, सीमा शर्मा,चन्द्रप्रताप सिंह सिकरवार सहित शिक्षक एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
युवा उत्सव में कल 12 को: युवा उत्सव में कल प्रश्नमंच,माईम, मिमिक्री,कॉलाज, रंगोली,कार्टूनिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।












