ग्वालियर – ग्वालियर नगर निगम चिडियाघर में मनाए जा रहे वन्यजीव प्राणी सप्ताह के तहत शनिवार को 270 बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का पाठ सीखा। इस दौरान सभी बच्चों ने वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर अनेकों प्रकार के चित्र बनाए।
चिडियाघर में 2 से 8 अक्टूबर तक बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए वन्य प्राणी सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 25 स्कूलों के 270 छात्रों ने भाग लिया। चित्रकला की थीम पर्यावरण और हम रखी गई थी।
इसमें छात्रों ने पर्यावरण और वन्यजीवों के सरंक्षण को लेकर अनेकों प्रकार के चित्र बनाए। वहीं रविवार को सुबह 9 बजे से समापन एवं जिन छात्रों ने इस सप्ताह में भाग लिया है उन्हें प्रमाण पत्रों का आवंटन भी किया जाएगा। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में चित्रकला विशेषज्ञ डॉ. बलवंत भदौरिया, डॉ. ओमप्रकाश माहौर, राजा मानसिंह विश्वविद्यालय के द्वारा छात्रों द्वारा बनाई गई उत्कृष्ट पेंटिंग का चयन किया गया।












