ग्वालियर – प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उपनगर ग्वालियर में वार्ड 8 व 1 के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद जगत सिंह कौरव, अपर आयुक्तआरके वास्तव, महाप्रबंधक विद्युत विभाग नितिन मांगलिक, एसडीएम प्रदीप तोमर, सीसीओसुशील कटारे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने सबसे पहले वार्ड 8 मलगढा स्थित राजीव आवास योजना के अंतर्गत बने आवासों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों ने समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि सीवर व पेयजल की बडी समस्या बनी हुई है।
जिस पर ऊर्जा मंत्री तोमर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हए कहा जब तक सीवर का स्थाई समाधान नहीं हो जाता तब तक प्रतिदिन सीवर की सफाई की जाए इसके साथ ही नई सीवर लाइन व पेयजल लाइन डालने प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण करें। इसके साथ ही झुग्गी झोंपडी में निवासरत रहवासियों की उचित व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
वार्ड-1 में तिघरा रोड स्थित बजरंग कॉलोनी, गुप्तेश्वर कॉलोनी एवं होतमपुरा में निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों ने विद्युत, पेयजल सहित रोड की समस्या से ऊर्जा मंत्री तोमर को अवगत कराया।

जिस पर उन्होंने विद्युत विभाग के महाप्रबंधक नितिन मांगलिक को निर्देशित करते हुए कहा कि शीघ्र ही विद्युत पोल व लाइन डालने का कार्य करें जिससे क्षेत्र के नागरिकों को विद्युत की समस्या से निजात मिल सके तथा पेयजल के लिए उन्होंने नगर निगम पीएचई अमले को निर्देशित किया कि क्षेत्रवासियों की मंशानुसार जगह चिन्हित कर शीघ्र एक बोर कराकर पेयजल समस्या का निदान करें। साथ ही उन्होंने स्ट्रीट लाइट लगाये जाने लिए भी निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।












