स्थापना दिवस आज, पौधारोपण, क्रिकेट मैच,स्वास्थ्य शिविर व होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
ग्वालियर – जीवाजी यूनिवर्सिटी 23 मई को 60वां स्थापना दिवस मनाएगी।इसको लेकर तैयारी जोर शोर से चल रही है।जीवाजी यूनिवर्सिटी की स्थापना को मंगलवार को 59 साल पूरे हो जाएंगे।ए प्लस प्लस मिलने के बाद ये जेयू का पहला स्थापना दिवस समारोह होगा,इसलिए ये कुछ खास होगा।इस अवसर पर आपको जेयू के शिक्षक,अधिकारी व कर्मचारी मैदान में चौके- छक्के लगाते दिखाई देंगे।जेयू के पीआरओ डॉ. विमलेंद्र सिंह राठौड़ के मुताबिक स्थापना दिवस समारोह पर कई कार्यक्रम होंगे।
पौधरोपण, क्रिकेट मैच,स्वास्थ्य शिविर व सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अन्य आयोजन होंगे ।इसका शुभारंभ सुबह 6 बजे पौधारोपण से होगा।खेल प्रतियोगिताओं के बाद पौधारोपण, फिर 10 ओवर का क्रिकेट मैच कुलपति इलेवन एवं कुलसचिव इलेवन के बीच आयोजित किया जाएगा।इसके साथ चेयर रेस एवं स्लो साइकिल रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।ब्लड डोनेशन केम्प एवं स्वास्थ्य शिविर जीवाजी के स्वास्थ्य केंद्र द्वारा आयोजित किया जाएगा।
सायंकालीन सत्र में 6 बजे से अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इससे पूर्व कुलपति प्रो. तिवारी, रेक्टर प्रो गोस्वामी एवं कुलसचिव डॉ. आर के बघेल ने सभी समितियों की बैठक ली और तैयारीयों की समीक्षा की। सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनायें दी और कार्यक्रम मै बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की।
शाम को किया जाएगा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन:-
सायंकालीन सत्र में स्थापना दिवस के दौरान सायं 6 बजे से अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन प्रो.एस.के. द्विवेदी,अधिष्ठाता,छात्र कल्याण के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में समूह नृत्य, देशभक्ति गीत,सुगम,काव्यपाठ, समूह नृत्य गुजराती फोक,गजल,भजन, समूह नृत्य पाश्चात्य पर कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।
इनका कहना है
विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा।समारोह के सफल संचालन हेतु विभिन्न प्रकार की समितियों का गठन किया गया है।समितियों के सदस्य अपने-अपने कार्य निष्पादन में सक्रिय हैं और अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में लगे हैं।स्थापना दिवस को लेकर विश्विद्यालय में सर्वत्र खुशी का माहौल है।
प्रो.अविनाश तिवारी,कुलपति,जेयू
विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा।विवि की ओर से स्थापना दिवस की तैयारी जोर शोर से चल रही है।आयोजन के सफल संचालन हेतु प्रारूप तय किया गया है।इस अवसर पर विवि में पौधारोपण,खेलकूद,स्वास्थ्य शिविर सहित सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित होगीं।
डॉ.आरके बघेल,कुलसचिव,जेयू












