जिला पंचायत सीईओ दूरस्थ गाँवों में पहुँचे

0
150

लाड़ली बहना योजना पंजीयन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानी जमीनी हकीकत
गैर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के दिए निर्देश

ग्वालियर  –  मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना और ग्रामीण क्षेत्र में चल रहीं विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत देखने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  विवेक कुमार मंगलवार को डबरा जनपद के विभिन्न गाँवों में पहुँचे और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने मैदानी अमले को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के साथ ही अन्य कल्याणकारी योजनाओं के पात्र शतप्रतिशत लोगो को लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विवेक कुमार ने डबरा विकासखंड के ग्राम पंचायत बारौल की आदिवासी दफाई में सहरिया पोषण आहार अनुदान योजनांतर्गत महिलाओं को प्राप्त होने वाली राशि के संबंध में संबंधित महिलाओं से चर्चा की। चर्चा के दौरान बताया गया कि कुल 86 सहरिया महिलाओं को पोषण आहार अनुदान योजनांतर्गत राशि प्राप्त हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 23 वर्ष से 59 वर्ष तक की महिलाओं के नाम लाड़ली बहना योजना में जोड़े जाएँ। आदिवासी महिलाओं द्वारा काम की माँग करने पर मनरेगा के माध्यम से संबंधित लोगों को रोजगार देने के निर्देश भी दिए गए।

सीईओ विवेक कुमार ने सहरिया बस्ती में निवासरत परिवारों के घरों का भी निरीक्षण किया एवं प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नियमानुसार आवास उपलब्ध कराने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने डबरा विकासखंड के ग्रामों का भी भ्रमण किया। जनपद पंचायत डबरा में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इसके साथ ही गूगल मीट के माध्यम से डबरा विकासखंड के समस्त सचिव, जीआरएस, पीसीओ, एडीईओ और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पंजीयन, आधार सीडिंग एवं डीबीटी के संबंध में तत्परता से कार्रवाई की जाए।

ग्राम पंचायत लोहगढ़ के निरीक्षण के दौरान लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्राम पंचायत झाड़ौली में 194 पंजीयन शेष होने के कारण नाराजगी व्यक्त की। इसके पश्चात ग्राम पंचायत बारौल में भी 123 पंजीयन शेष होने के कारण तथा प्रोपर अभिलेख संधारण न होने पर संबंधित कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम मकोड़ा में भी लाड़ली बहना योजना का कार्य देखा।

LEAVE A REPLY