निर्वाचन की तर्ज पर काम कर कराएँ मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का क्रियान्वयन

0
110

संभाग आयुक्त ने गूगल मीट के माध्यम से कलेक्टर, सीईओ एवं निगम आयुक्त से की चर्चा

ग्वालियर –  15 मार्च 2023/ निर्वाचन की तर्ज पर काम कर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का क्रियान्वयन कराएँ। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली इस योजना में पात्र सभी बहनों को योजना का लाभ दिलाना राज्य शासन का मूल लक्ष्य है। इसलिए इस काम में कोई ढ़िलाई न हो। संभागीय आयुक्त श्री दीपक सिंह ने बुधवार को गूगल मीट के माध्यम से ग्वालियर-चंबल संभाग के जिला कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त व सीईओ जिला पंचायत सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा कर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा कर रहे थे।

संभागीय आयुक्त श्री दीपक सिंह ने कहा है कि राज्य शासन द्वारा लाड़ली बहना योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इस योजना के तहत 25 मार्च से पात्र महिलाओं के फॉर्म भरने का काम प्रारंभ होगा। इससे पूर्व सभी महिलाओं की ई-केवायसी का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिये इस कार्य को निर्वाचन की तर्ज पर किया जाए। सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को इस कार्य के दायित्व सौंपे जाएँ।

संभागीय आयुक्त श्री दीपक सिंह ने यह भी निर्देशित किया है कि शासन के सर्वोच्च् प्राथमिकता वाले इस कार्य में अगर कोई भी अधिकारी-कर्मचारी लापरवाही बरतता है तो उसके विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों से अपेक्षा की है कि वे अपने-अपने जिले में रणनीति बनाकर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पात्र महिलाओं के फॉर्म भरवाने का काम भी करें। इस कार्य में महिला बाल विकास, शिक्षा विभाग, जन अभियान परिषद सहित अन्य मैदानी अमले को भी जिम्मेदारी सौंपी जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि नगरीय निकायों में किए जा रहे कार्य की मॉनीटरिंग के लिये जिला स्तर पर एक अधिकारी को नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाए।

गूगल मीट के माध्यम से आयोजित बैठक में सभी जिला कलेक्टरों और नगर निगम आयुक्तों ने अपने-अपने क्षेत्र में योजना के क्रियान्वयन के लिये किए जा रहे सार्थक प्रयासों के संबंध में जानकारी दी।

LEAVE A REPLY