नई दिल्ली – बिंदापुर में शराब के नशे में धुत एक युवक ने गली में खड़ी स्कूटी में आग लगा दी। स्कूटी पूरी तरह से जल गई। लेकिन आरोपित की सारी हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। स्कूटी की मालकिन को जब घटना का पता चला तो उन्होंने सीसीटीवी कैमरे के जरिए आरोपित की पहचान की और फिर उसके घर जाकर पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता महिला भगवती विहार में रहती है। 17 फरवरी को वे सपरिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए फतेहपुर सीकरी गई हुई थी। उन्होंने अपनी स्कूटी घर के बाहर खड़ी की थी।

पीड़िता ने बताया कि 18 फरवरी को उनके पड़ोस में रहने वाले प्रमोद ने फोन कर बताया कि किसी ने घर के बाहर खड़ी आपकी स्कूटी में आग लगा दी है। स्कूटी पूरी तरह जल गई है। 19 फरवरी को वह दिल्ली पहुंची। उन्होंने गली में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिसमें उसने देखा कि एक युवक उसकी स्कूटी में आग लगाई है। लोगों ने आरोपित की पहचान सतेंद्र के रूप में की। पीड़िता पड़ोसी के साथ आरोपित के घर पहुंची। पूछताछ के दौरान वह स्कूटी में आग लगाने की बात से इंकार करने लगा। उसके बाद पीड़िता ने फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।











