दिनदहाड़े ग्वालियर में बीजेपी नेता के भाई को अज्ञात बदमाश ने गोली मार दी। इस हमले में बीजेपी नेता के भाई को कमर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना हजीरा थाना क्षेत्र के आरा मिल रोड की है। यहां बीजेपी नेता राहुल छापरिया के भाई जितेंद्र को आज दोपहर अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। जितेंद्र पेशे से की टेंट हाउस कारोबारी है और 15 फरवरी को उसके भाई राहुल का विवाह है। राहुल के अनुसार बड़ा भाई जितेंद्र शादी के काम से अपनी बाइक पर सवार होकर जा रहा था, तभी आरा मिल रोड पर एक बाइक सवार अज्ञात बदमाश ने उन पर फायरिंग कर दी। अज्ञात आरोपी भी बाइक पर सवार था और टेंट कारोबारी पर हमले के बाद भाग निकला। इस फायरिंग में जितेंद्र के कमर के निचले हिस्से में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल जितेंद्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं बीजेपी नेता के भाई पर फायरिंग किए जाने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने जितेंद्र की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान करने में जुट गई है और घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले रही है। पुलिस को उम्मीद है कि मामले का जल्दी खुलासा कर दिया जाएगा और आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।












