व्हीआईपी सर्किट हाउस से निकलेगी प्रभात फेरी, प्रभारी मंत्री श्री सिलावट दिखायेंगे हरी झण्डी
शाम को बाल भवन में होंगे रंगारंग कार्यक्रम, राज्य स्तरीय कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण
ग्वालियर।
सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी मध्यप्रदेश का 67वाँ स्थापना दिवस जन उत्सव के रूप में मनाया जायेगा। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह एक नवम्बर को जिले का मुख्य समारोह प्रात: 11 बजे बाल भवन में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। इस दिन सांध्य बेला में शाम 5.30 बजे से बाल भवन में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जायेगी। साथ ही भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी जिले के समारोह में होगा। स्थापना दिवस समारोह में जनप्रतिनिधिगण, समाजसेवी, वरिष्ठ जन एवं जिले के गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
अधिकारियों को दिये निर्देश
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक से सात नवम्बर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की फिर से समीक्षा की। निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम राज्य शासन की मंशा के अनुरूप पूरी गरिमा के साथ आयोजित किए जाएँ। कार्यक्रम हमारी परंपरा, जीवन मूल्यों और संस्कारों पर केन्द्रित होना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के आयोजन में शासकीय सेवक भी अनिवार्यत: शामिल हों। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी एवं अपर कलेक्टर इच्छित गढ़पाले सहित जिले के सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।












