बदहाल सड़कों का मामला: हाई कोर्ट के निर्देशन में NHAI सड़कों के लिए सैंपल

0
96

जनहित याचिका के संबंध में माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश पर ग्वालियर शहर की विभिन्न विभागों की सड़कों की जांच

ग्वालियर शहर की सड़कों की स्थिति एवं निर्माण गुणवत्ता को लेकर वर्ष 2025 में नगर निगम के अधीन आने वाली सड़कों के संबंध में जनहित याचिका दायर की गई थी। याचिका में मुख्य रूप से ग्वालियर शहर की सड़कों की स्थिति एवं उनकी निर्माण गुणवत्ता से संबंधित विषय उठाए गए थे।

प्रकरण की सुनवाई के दौरान नगर निगम की ओर से यह तथ्य प्रस्तुत किया गया कि ग्वालियर शहर में नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) के साथ-साथ अन्य विभागों की सड़कें भी हैं तथा NHAI के अधीन ग्वालियर ईस्टर्न बायपास का एक हिस्सा भी गुजरता है। इसी के दृष्टिगत माननीय उच्च न्यायालय द्वारा विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति एवं निर्माण गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), राज्य राजमार्ग तथा NHAI के अधीन ग्वालियर ईस्टर्न बायपास के एक हिस्से का तकनीकी परीक्षण एवं आवश्यकतानुसार सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है।

माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार ग्वालियर क्षेत्र में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कों तथा NHAI के अधीन आने वाली सड़क के आवश्यकतानुसार सैंपल लिए जा रहे हैं। यह कार्रवाई व्यापक तकनीकी जांच प्रक्रिया का हिस्सा है।

यह स्पष्ट किया जाता है कि खबरों में ग्वालियर क्षेत्र में NHAI की सड़क के धंसने अथवा बड़े-बड़े गड्ढे होने के संबंध में कही जा रही बातें तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं और भ्रामक हैं। संबंधित जनहित याचिका मुख्यतः ग्वालियर शहर में नगर निगम के अधीन आने वाली सड़कों की समग्र स्थिति एवं निर्माण गुणवत्ता से संबंधित है। नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा NHAI की सड़कों के सैंपल लिए जाना भी इसी व्यापक जांच प्रक्रिया का हिस्सा है।

माननीय उच्च न्यायालय की सुनवाई के दौरान सड़कों की स्थिति के तकनीकी आकलन के लिए NSV (Network Survey Vehicle) सर्वे कराने की प्रक्रिया निर्धारित की गई थी। उक्त सर्वे के लिए NHAI को सभी संबंधित विभागों की सड़कों का सर्वे कराने हेतु नोडल एजेंसी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी के अनुपालन में NHAI द्वारा दिनांक 30 अगस्त 2026 को ग्वालियर क्षेत्र में विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के अधीन आने वाली सड़कों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग का NSV सर्वे कराया गया। सर्वे की रिपोर्ट माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार NHAI द्वारा शीघ्र प्रस्तुत की जाएगी।

NHAI के अधीन राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण एवं रखरखाव में निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं तकनीकी प्रावधानों का पालन किया जाता है। निर्माण एवं रखरखाव कार्यों की गुणवत्ता की विभिन्न स्तरों पर तकनीकी निगरानी एवं परीक्षण की व्यवस्था है, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्मित एवं अनुरक्षित किए जा सकें।

LEAVE A REPLY