कॉम्प्लैक्स निर्माणः मंत्री ने किया भूमिपूजन, कांग्रेसियों ने किया घेराव

0
822

पुरानी सब्जी मंडी हजीरा पर कॉम्प्लैक्स निर्माण पर राजनीति

हरीश चन्द्रा

ग्वालियर।

पुरानी सब्जी मंडी हजीरा के स्थान पर 1 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से कॉमर्शियल कॉम्प्लैक्स का निर्माण होगा। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार की शाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। राजनीति उस समय गर्मा गई जब खबर लगते ही कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों और सब्जी मंडी कारोबारियों का जत्था वहां पहुंच गया और हंगामा कर दिया। उनका कहना था सब्जी मंडी का कॉम्प्लैक्स के लिये ही उजाड़ा गया है। यह कॉम्प्लैक्स सोची समझी रणनीति का हिस्सा है।

प्रद्युम्न और सुनील आमने-सामने

लंबे समय बाद पहला अवसर था जब एक-दूसरे के धुर विरोधी कहे जाने वाले प्रद्युम्न और सुनील आमने-सामने आ गये। दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला चला। सब्जी मंडी के विस्थापितों के साथ तीखी बहस हुई। पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। बाद में ऊर्जा मंत्री ने भरोसा दिलाया कि पहले चरण में उन सब्जी मंडी कारोबारियों को कॉम्प्लैक्स में बसाया जाएगा जिन्हें यहां से विस्थापित किया गया है।

यह बोले ऊर्जा मंत्री तोमर

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि शॉपिंग कॉम्प्लैक्स में उन्हीं दुकानदारों को दुकानें दी जाएंगी, जो यहां से विस्थापित हुए थे। मंडी के एक भी दुकानदार को नहीं हटाया जाएगा, जो जहां दुकान लगा रहा है वहीं दुकान लगाएगा। साथ ही कहा कि प्रारंभ में इस कॉम्प्लैक्स में 96 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। दूसरे चरण में दुकानों के ऊपर वाचनालय भी बनाया जाएगा।

यह बोले कांग्रेस नेता सुनील

भाजपा सरकार ने वाचनालय खोलने का झांसा देकर गरीब सब्जी विक्रेताओं को उजाड़ा। अब उसी स्थान पर कॉमर्शिलय कॉम्प्लैक्स बनाया जा रहा है। भाजपा सरकार और प्रशासन गरीबों के पेट पर लात मारकर पूंजीपतियों को फायदा देने में लगा हैं | सुनील ने कहा कि जब से मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर भाजपा में गये हैं , उनकी सोच भी पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने की हो गई हैं | धरने का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष नवीन भदकारिया और आभार ब्लॉक अध्यक्ष मुनेंद्र भदौरिया ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष राजेश खान,  पार्षदगण पीपी शर्मा,  मनीष शर्मा ‘ मन्ना ‘ , मनोज राजपूत  , रामू कुशवाह , शकील मंसूरी,  विनोद यादव  माठू आदि शामिल थे।

LEAVE A REPLY