ग्वालियर शहर की दीर्घकालिक पेयजल व्यवस्था के लिये सबसे महत्वपूर्ण 458 करोड़ रूपए लागत के चंबल प्रोजेक्ट के कार्यों का मुरैना जिले में चल रहे कार्यों का अवलोकन करने ग्वालियर सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह सोमवार को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं नगर निगम
आयुक्त श्री संघ प्रिय के साथ पहुँचे। उन्होंने अधिकारियों को चंबल प्रोजेक्ट के कार्य तेजी से पूर्ण करने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर ग्वालियर ग्रामीण के अध्यक्ष श्री प्रेम सिंह राजपूत, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

ग्वालियर सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने मुरैना जिले के जड़ेरूआ में चंबल प्रोजेक्ट के लिये
पाइपलाइन फैक्ट्री में निर्माणाधीन पाइपों का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही देवरी में बनाए जा रहे संपवेल का भी अवलोकन कर चंबल योजना के संबंध में अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि बरसात से पूर्व संपवेल की एप्रोच रोड का निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया जाए। सांसद श्री कुशवाह ने जड़ेरूआ में स्थित पाइप निर्माण फैक्ट्री के अवलोकन के मौके पर पाइपों को क्रेशर के माध्यम से चैक कराकर भी देखा। इसके साथ ही गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने चंबल प्रोजेक्ट के कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग करने की बात कही। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने चंबल प्रोजेक्ट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।












