आप इण्डस्ट्री लगाईये बिजली हम देंगे : ऊर्जा मंत्री तोमर

0
79

एमपीसीसीआई औद्योगिक निर्वाध विद्युत प्रदाय सेमीनार ‘चेम्बर भवन` में आयोजित
ग्वालियर।

आप ग्वालियर अंचल में इण्डस्ट्री स्थापित करें, आपको निर्वाध विद्युत आपूर्ति देना हमारा काम है। यह बात आज आज ‘चेम्बर भवन में आयोजित औद्योगिक निर्वाध विद्युत प्रदाय सेमीनार में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर अंचल के उद्यमियों के समक्ष कही। आपने आगे कहा कि विद्युत संबंधी जो समस्याएं आज आई हैं, उसके लिए प्रबंध संचालक टीम बनाकर कार्य करें। यदि किसी समस्या के समाधान के लिए सरकार स्तर पर बात करना होगी तो वह की जायेगी सात्विक एग्रो प्रोसेसर प्रा.लि. द्बारा जो समस्या रखी गई है, उस पर संस्थान के परिसर में आकर बैठक करूंगा और 132 केवीए के लिए जो प्लान है, उसके लिए आईआईडीसी और विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी मिलकर कार्य करें। प्रदेश के मुख्यमंत्री-डॉ. मोहन यादव एवं देश के प्रधानमंत्री-श्री नरेन्द्र मोदी जी की भावनाओं के अनुरूप हमें उद्योग के लिए कार्य करना है। आपने कहा कि ग्वालियर अंचल पूर्व में औद्योगिक विकास में अग्रणी था। हमें पुन: औद्योगिक विकास को उस स्तर पर ले जाना है। आपने उद्यमियों से कहा कि आप अपना विश्‍वास मजबूत रखिये। ऊर्जा के क्षेत्र में हमारी टीम आपके लिए कार्य करेगी। आपने कहा कि आज बैठक में आई समस्याओं को तीन माह में दूर करने के बाद आपके साथ पुन: तीन माह बाद बैठूंगा। आपने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आज की मीटिंग के मिनिट्स बनायें और उस अनुसार कार्यवाही करें। आपने कहा कि विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों की टीम औद्योगिक क्षेत्र में जाकर समस्याओं को चिन्हित कर कार्यवाही करेगी। इससे पूर्व सेमीनार के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत चेम्बर पदाधिकारियों द्बारा फलों की टोकरी एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।

अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि आज हमारे बीच ऊर्जा मंत्री-माननीय श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर जी पधारे हैं। चेम्बर ने व्यापारिक एवं औद्योगिक हित में जो भी मुद्दे उठाये हैं फिर वह चाहे गारबेज शुल्क का हो या महाराज बाड़ा पर टाउन हॉल के सामने मार्ग खोले जाने का, आपने हर बार चेम्बर के लिए अपनी महती भूमिका निभाई है। आपने कहा कि उद्योगों को निर्वाध विद्युत आपूर्ति मिले इसके लिए आज का सेमीनार रखा गया है। आपने कहा कि बिजली कंपनी के लिए औद्योगिक उपभोक्ता एसेट्स की तरह हैं क्योंकि वह बिजली कंपनी को पूरा बिल चुकाते हैं और इसके लिए कंपनी को अपनी मिनिमम एनर्जी खर्च करना पड़ती है। आपने कहा कि उद्योगों में ट्रिपिंग की समस्या से हजारों से लेकर लाखों रूपये तक का नुकसान होता है। यह दूर होना चाहिए। इसके लिए इण्डस्ट्रियल एरिया के लिए सेपरेट फीडर व लाइन की जाना चाहिए। वहीं यदि उपभोक्ता पर बिजली कंपनी द्बारा गलत बिलिंग कर दी जाती है तो पूर्व में बिल रिवाइज स्थानीय स्तर पर हो जाता था अब कई प्रकरणों में यह भोपाल स्तर से होता है, जिसके लिए उपभोक्ता को दो माह का समय तक लग जाता है, इस दौरान उसे सरचार्ज का सामना भी करना पड़ता है। इस समस्या को स्थानीय स्तर पर ही दूर किया जाना चाहिए। वहीं सोलर एनर्जी की ओर उपभोक्ता शीघ्रता से कदम बढा रहे हैं। इसके लिए घरेलू उपभोक्ताओं को तो सरकार से सब्सिडी मिल रही है लेकिन कॉमर्शियल एवं इण्डस्ट्रियल उपभोक्ताओं यह नहीं मिल रही है। यह इन्हें भी मिलना चाहिए। यदि ऐसा हो गया तो हमारा प्रदेश पूर्णत: बिजली में आत्मनिर्भर हो जाएगा और फिर कोयला की कमी से बिजली संकट का भय भी खत्म हो जाएगा।
बैठक का संचालन कर रहे मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल ने कहा कि टीम 2023-26 उद्योगों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है। उद्योगों की नगर निगम से संबंधित समस्याओं को हमने आयुक्त महोदय के साथ बैठक कर उठाया था, जिस पर निरंतर कार्य चल रहा है। आज विद्युत संबंधी समस्याओं के लिए यह सेमीनार आयोजित किया है। आज हमारे बीच मध्यप्रदेश की पूरी बिजली सरकार मौजूद है, तो निश्‍चित विद्युत संबंधी सभी समस्याएं दूर होंगी। इसकी हमें पूर्ण आशा है। आपने एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के तहत ग्वालियर अंचल की 42 औद्योगिक इकाईयों को 13 करोड़ की लंबित सब्सिडी राशि को भी शीघ्र जारी करने के लिए मंत्री महोदय से प्रयास करने का आग्रह किया।
सेमीनार में महाराजपुरा औद्योगिक क्षेत्र के सचिव-कपिल जयसिंघानी द्बारा ट्रिपिंग की समस्या को दूर करने के लिए रेलवे की तर्ज पर निर्वाध आपूर्ति प्रदाय करने की तकनीक पर काम करने का सुझाव दिया क्योंकि ट्रिपिंग से उद्यमियों को आर्थिक हानि होती है।
तानसेन नगर औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष-जगदीश मित्तल द्बारा बताया कि ट्रिपिंग के कारण इकाईयों को होने वाले नुकसान को बताने के साथ ही इण्डिस्ट्रयल एरिया में खुली पड़ी डीपी से होने वाली अप्रिय घटनाओं तथा विद्युत चोरी की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया। खुली डीपी को कवर करने का सुझाव संजय धवन द्बारा दिया गया।
उद्यमी सुरेन्द्र कुमार अग्रवाल एवं सुशील सुराना द्बारा बताया कि हमारे यहां पावर कट इसलिए भी होता है कि जो स्पेयर पार्टस बिजली कंपनी द्बारा यूज किए जा रहे हैं वह तकनीकी रूप से अप टू द मार्क नहीं हैं। साथ ही जो लाइनमैन कर्मी हैं वह जुझारू तो हैं लेकिन तकनीकी रूप से प्रशिक्षित नहीं है।
मालनुपर इण्डिस्ट्रयल एरिया से नवीन अग्रवाल एवं गिर्राज सिंघल ने बताया कि इण्डस्ट्रियल फीडर को आवासीय से जोड़ देने के कारण ट्रिपिंग के कारण काफी नुकसान हो रहा है।
वहीं बानमौर इण्डस्ट्रियल एरिया से सात्विक एग्रो प्रोसेसर प्रा.लि. के एचआर ब्रजभान सिंह ने बताया कि फेज टू इण्डस्ट्रियल एरिया में हमारे द्बारा 5000 केवीए का कनेक्शन लेकर 85 एकड़ में प्लांट लगाया गया है इसमें 200 करोड़ रूपये निवेश किया गया है और हम आगे एक हजार करोड़ रूपये और निवेश करना चाहते हैं इसके लिए हमें 5000 केवीए का कनेक्शन और चाहिए। इसके लिए आवश्‍यक है कि इस क्षेत्र के लिए 132 केवीए का फीडर बनाया जाए क्योंकि यहां पर पारले जैसी इकाईयां भी स्थापित हैं। हमारे यहां 1400 लोर्ग कार्य कर रहे हैं और हमें कंपनी के उच्च स्तर से 2000 हजार लोगों की भर्ती का भी एप्रूवल मिल गया है। लेकिन ट्रिपिंग के कारण हमें एक बार में 10-12 लाख का नुकसान हो रहा है। इस हमारे शीर्ष नेतृत्व काफी परेशान है और हमारे अक्टूबर में होने वाले एक्सपेंशन को रोकने पर वह विचार कर रहे हैं। इससे हम काफी पेरशान हैं।
सेमीनार में इसके साथ ही डबरा, जौरा एवं मुरैना से आये उद्यमियों द्बारा भी ट्रिपिंग से होने वाली परेशानी को बताते हुए सेपरेट फीडर की बात कही गई।
म.प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के ग्वालियर रीजन के मुख्य महाप्रबंधक-श्री राजीव गुप्ता ने बताया कि बरसात के कारण ट्रिपिंग की समस्या बढी है, जिसे निरंतर मेंटेनेंस कराकर दूर किया जा रहा है। चूंकि रविवार के दिन ही हमें मेंटेंनेस की अनुमति मिलती है। इसलिए आगामी तीन से चार सप्ताह में औद्योगिक क्षेत्रों में मेंटेनेंस कराकर ट्रिपिंग से निजात दिलाई जाएगी। मालनुपर फीडर से मुरैना में जो कनेक्शन दिये गये थे। उनके लिए अलग से फीडर के लिए 22 लाख रूपये का प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। एक माह में इस फीडर को अलग कर देंगे तो मालनपुर की समस्या दूर हो जाएगी। जौरा के वीरमुपरा रोड की इकाईयों को पहले ही बताया था कि यह ग्रामीण फीडर है इससे आपको बिजली दी जाएगी। जौरा में स्थापित इकाईयों को 5 प्रतिशत की राशि लाइन चार्ज में देकर इण्डस्ट्रियल फीडर से जोड़ा जायेगा। महाराजपुरा में वीसीबी आज ही बदलवाए हैं, संभवत आगे ट्रिपिंग की समस्याएं नहीं आएंगी। सात्विक एग्रो प्रोसेसर प्रा.लि. की समस्या का अस्थायी समाधान करा दिया है। आईआईडीसी के साथ मिलकर हम दो फीडर जड़ेरूआ से कवर कंडक्टर पर लेकर आ रहे हैं जो 33 केवी के पेंथर पर होंगे। सीतापुर की पहाड़ी स्विच यार्ड बनाएंगे। इसके बाद सात्विक की समस्या दूर हो जाएगी। यह कार्य तीन से चार माह में हो जाएगा।
म.प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक-श्री क्षितिज सिंघल ने बताया कि इण्डस्ट्रियल एरिया के लिए डेडिकेटेड टीम व गाड़ी का प्रस्ताव बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में रखा जाएगा। प्रस्ताव स्वीकृत होते ही यह उपलब्ध कराई जाएगी। विजिलेंस चेकिंग के बाद बिलिंग रिवाइज के लिए एक यूनिफार्म गाइडलाइन बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उद्यमियों को लॉकल व्हाट्सग्रुप पर समस्ओं को रिस्पांड करने के लिए निर्देशित किया जाएगा। कंपनी की ओर से हम आपको आश्वस्त करते हैा कि आपको बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। जो स्टाफ की कमी है, उसे शीघ्र दूर किया जाएगा।
बैठक के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किये गये।
बैठक का संचालन मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल द्बारा तथा आभार कोषाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल द्बारा व्यक्त किया गया। बैठक में डायरेक्टर तकनीकी-डीपीएस यादव, सुधीर कुमार, महाप्रबंधक शहर वृत्त-नितिन मांगलिक, ओएण्डएम-दिनेश सुखीजा, बी.एस. दांगी सहित अन्य अधिकारीगण एवं काफी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY