जिले के नगरीय निकायों में अमृत 2.0 के तहत 133.71 करोड़ लागत के कार्य

0
77

कलेक्टर श्रीमती चौहान की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय समिति की बैठक में डीपीआर अनुमोदित

लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट एवं जल संरचनाओं के सौंदर्यीकरण व प्रबंधन के काम किए जायेंगे

जिले की नगर पालिका डबरा एवं नगर परिषद भितरवार, मोहना, बिलौआ व पिछोर में अमृत 2.0 (अटल मिशन फॉर रिज्यूविनेशन एण्ड अर्बन ट्रांसफोर्मेशन) के तहत कुल मिलाकर लगभग 133 करोड़ 71 लाख रूपए लागत से लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट और जल संरचनाओं के सौंदर्यीकरण व प्रबंधन के कार्य किए जायेंगे। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला स्तरीय समीक्षा एवं निगरानी समिति की बैठक में इन नगरीय निकायों में होने जा रहे कार्यों की डीपीआर का अनुमोदन किया गया। राज्य शासन के नगरीय विकास विभाग की मंजूरी के बाद इन डीपीआर के आधार पर जल प्रबंधन एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट के कार्य मूर्तरूप लेंगे।

 


अमृत 2.0 के तहत नगर पालिका डबरा की 111.80 करोड़ रूपए लागत की सीवरेज योजना की डीपीआर जिला स्तरीय समिति में अनुमोदित की गई। इसी तरह नगर परिषद भितरवार के अंतर्गत 5 करोड़ 72 लाख रूपए लागत की लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट व 73 लाख रूपए की वाटरबॉडी रिज्यूविनेशन कार्य की डीपीआर अनुमोदित हुई है। नगर परिषद मोहना में 6 करोड़ 18 लाख रूपए लागत की लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट व 55 लाख रूपए लागत की वॉटरबॉडी रिज्यूविनेशन कार्यों की डीपीआर का अनुमोदन किया गया है। नगर परिषद बिलौआ की 3 करोड़ 63 लाख रूपए की लिक्वड वेस्ट मैनेजमेंट कार्यों डीपीआर व नगर परिषद पिछोर की 5 करोड़ 10 लाख रूपए लागत की लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट कार्यों की डीपीआर भी समिति द्वारा अनुमोदित कर दी गई हैं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि भितरवार की पार्वती नदी सहित सभी नगरीय निकायों की जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण इस तरह से कराया जाए, जिससे शहर में जल संरक्षण व संवर्धन को बढ़ावा मिले। साथ ही शहर में एक अच्छा पिकनिक स्थल विकसित हो सके। उन्होंने डीपीआर के अनुसार सीवरेज प्रबंधन का काम भी गुणवत्ता के साथ मूर्तरूप देने के निर्देश दिए।
सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में नगर परिषद भितरवार के अध्यक्ष श्री बलदेव अग्रवाल, बिलौआ की अध्यक्ष श्रीमती विजयलक्ष्मी चौरसिया, मोहना के अध्यक्ष श्री राधाकृष्ण धाकड़ व नगर परिषद पिछोर की अध्यक्ष श्रीमती रामजानकी पण्डा उपस्थित थीं। साथ ही संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन श्री के के द्विवेदी, प्रभारी परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण श्री नरेश गुप्ता, संबंधित नगर परिषदों के सीएमओ एवं कंसलटेंट वेंकटेश एनएस उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY