पशुओं में वर्षा जनित बीमारियों की रोकथाम के लिये अंचल में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। पशुओं को गलघोटू एवं एकटंगिया, खुरपका मुहपका एवं पीपीआर रोग से बचाने के लिये पशुओं को टीके लगाए जा रहे हैं। इसके तहत अभी तक लगभग 3 लाख 90 हजार पशुओं को गलघोटू एवं एक लाख 53 हजार पशुओं को एकटंगिया और 35 लाख पशुओं को खुरपका-मुहपका के टीके लगाए जा चुके हैं। टीकाकरण का यह कार्य गौशालाओं में भी किया जा रहा है।

संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएँ ग्वालियर से प्राप्त जानकारी के अनुसार भेड़-बकरियों में 10 लाख पीपीआर टीके पशुपालन विभाग द्वारा लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही पशुओं को गलघोटू बीमारी से बचाने के लिये ग्वालियर जिले में 41 हजार 916, दतिया में 9 हजार 826, शिवपुरी में 78 हजार 470, गुना में 74 हजार 845, अशोकनगर में 9 हजार 770, भिण्ड में 59 हजार, मुरैना में 64 हजार 540 एवं श्योपुर जिले में 51 हजार 234 टीके लगाए जा चुके हैं।
पशुओं को एकटंगिया रोग से बचाव हेतु अब तक ग्वालियर में 20 हजार 816, दतिया में 5 हजार 247, शिवपुरी में 37 हजार 640, गुना में 42 हजार 575, अशोकनगर में 6 हजार 438, भिण्ड में 2 हजार 700, मुरैना में 24 हजार 232 एवं श्योपुर में 13 हजार 355 टीके लगाए गए हैं।
खुरपका एवं मुहपका से बचाव के लिये अब तक ग्वालियर में 3 लाख 68 हजार 718, दतिया में 2 लाख 93 हजार 391, शिवपुरी में 6 लाख 86 हजार 290, गुना में 5 लाख 59 हजार 122, अशोकनगर में 2 लाख 27 हजार 462, भिण्ड में 4 लाख 93 हजार 672, मुरैना में 6 लाख 79 हजार 890 एवं श्योपुर में एक लाख 99 हजार 582 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
इसी प्रकार बकरियों में भी पीपीआर का टीकाकरण किया गया है, जिसमें ग्वालियर में एक लाख 37 हजार 628, दतिया में एक लाख 16 हजार 628, शिवपुरी में 2 लाख 93 हजार 715, गुना में 76 हजार 514, अशोकनगर में 23 हजार 297, भिण्ड में एक लाख 57 हजार 180, मुरैना में एक लाख 37 हजार 290 एवं श्योपुर में एक लाख 29 हजार 14 बकरियों का टीकाकरण किया जा चुका है।












