ग्वालियर के चिड़ियाघर में होली पर जन्में दो शावकों को पहली बार सैलानियों के सामने लाया गया। दोनों नन्हे शावक पीले और काली धारी वाले रंग के हैं, जिनको जन्म देने वाली मादा टाइगर का नाम दुर्गा है। हालांकि नन्हें शावकों का अभी तक नामकरण नहीं हुआ है जल्दी ही इनका नामकरण किया जाएगा। ग्वालियर के चिड़ियाघर में अब टाइगरों के कुनबे में इजाफा हो गया है। ऐसे में अब ग्वालियर चिड़ियाघर में 4 नर और 3 मादा टाइगर हो गए हैं। वहीं दूसरी ओर कवारेंटाइन पीरियड खत्म होने के बाद नन्हें शावकों को केज से बाहर निकाले जाने की खबर लगते ही चिड़िया घर में सैलानियों का हुजूम उमड़ पड़ा।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार और निगमायुक्त हर्ष सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार ने बताया है कि जल्दी ही ग्वालियर चिड़ियाघर से एक और खुशखबरी आने वाली है क्योंकि सफेद टाइगर भी जल्दी ही शावकों का जन्म देगी। महापौर ने खुशी जताते हुए चिड़िया घर प्रबंधन को बधाई दी है। साथ ही कहा है कि टाइगर हमारे देश की शान हैं और देश में संचालित टाइगर प्रोजेक्ट सफल हो इसकी कामना करते हैं।












