ग्वालियर, 31 अगस्त । प्रदेश की शीर्ष औद्योगिक एवं व्यापारिक संस्था “म. प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री एवं एमएसएमई विकास कार्यालय (इन्दौर) के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 3, 4, 5 सितम्बर को ‘विश्वकर्मा प्रदर्शनी सह व्यापार मेले’ का आयोजन ‘चेम्बर भवन’ में किया जा रहा है ।
अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष-हेमन्त गुप्ता, उपाध्यक्ष-डॉ. राकेश अग्रवाल, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-पवन कुमार अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में अवगत कराया है कि इस “विश्वकर्मा प्रदर्शनी एवं व्यापार मेला” में ग्वालियर एवं निकटस्थ जिलों की जनता के लिए भी विश्वकर्मा जनों की अनूठी कला कौशल को देखने और उनके अनूठे उत्पादों को खरीदने का एक सुअवसर होगा ।
पदाधिकारियों ने बताया है कि इस प्रदर्शनी में विश्वकर्माओं को निःशुल्क स्टॉल प्रदान किए जाएँगे । इस आयोजन में भागीदारी के लिए प्रत्येक विश्वकर्मा का “प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना” में पंजीकृत होना आवश्यक है । इसमें शामिल होने वाले प्रत्येक विश्वकर्मा को भारत सरकार द्वारा रु. 500/- दैनिक भत्ता सहित विश्वकर्मा विश्वकर्मा सहायक को अधिकतम रु. 1000/- की राशि पृथक-पृथक यात्रा भत्ता के रूप में मिलेगी । इसके साथ ही बोर्डिंग एंड लौजिंग (विश्वकर्मा एवं विश्वकर्मा सहायक को अलग-अलग रु. 375/- प्रतिदिन (अधिकतम) दी जाएगी ।
ज्ञात रहे भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना” का मुख्य उद्देश्य भारत के कोने-कोने से कई पीढ़ी से चली आ रही भारत की पारम्परिक कला-कौशल की विरासत को दुनिया के सामने लाना है और इन कला-कौशल से जीविका चलाने वाले विश्वकर्मा जनों का पंजीकरण कर उन्हें कौशल प्रशिक्षण, औजार-उपकरण प्रदान करना तथा व्यवसाय को बढ़ाने के लिए रियायती ऋण उपलब्ध करवाना है ।
-जनसम्पर्क अधिकारी.












