जिले के ग्राम पिपरौआ निवासी श्रीमती सत्यवती को अपनी जमीन का कब्जा मिल गया है। इसके लिये उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया है। कलेक्टर श्रीमती चौहान के निर्देश पर राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुँचकर सत्यवती को विधिवत कब्जा दिलाया। ग्वालियर जिले के ग्राम पिपरौआ निवासी श्रीमती सत्यवती ने कलेक्टर श्रीमती चौहान से भेंट कर फरियाद की थी कि जमीन का कब्जा न मिलने से मुझे काफी परेशानी हो रही है। इस पर कलेक्टर श्रीमती चौहान ने चीनौर तहसीलदार को मौके पर जाकर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर शुक्रवार को राजस्व टीम पिपरौआ पहुँची और जमीन की नपाई कराई। साथ ही पंचनामा बनाकर सत्यवती की जमीन का कब्जा दिलाया। जमीन का कब्जा मिला तो सत्यवती भावुक हो गईं और सरकार को दुआएँ देतीं अपने घर गईं।
शुक्रवार को चीनौर तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने किसानों की समस्यायें सुनीं और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुँची और पक्षकारों की मौजूदगी में समस्याओं का समाधान कराया।












