ग्वालियर – शेष भारत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरानी कप घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश को 238 रनों से हरा दिया। इस मैच में जीत के लिए मिले 437 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए मध्य प्रदेश की टीम अपनी दूसरी पारी में 198 रनों पर ही आउट हो गयी।

इस मैच में मध्य प्रदेश की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए पांचवे ओर अंतिम दिन अपनी दूसरी पारी शुरुआत दो विकेट पर 81 रन से की थी। उसे पहली बार ईरानी कप जीतने के लिए 356 रन की जरूरत थी पर नाबाद बल्लेबाज रहे हिमांशु मंत्री एक भी रन और बनाये बिना 51 रनों पर ही आउट हो गये। जिसके बाद टीम के विकेट लगातार गिरने लगे। हिमांश के साथ खेल रहे हर्ष गवली भी 48 रन बनाकर आउट हो गये।
इसके बाद अमन सोलंकी 31 और अंकित कुशवाहा ही 23 रन बना पाये। अन्य खिलाड़ी दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाये जिससे टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा। वहीं शेष भारत की ओर से सौरभ कुमार ने तीन जबकि मुकेश कुमार और पुलकित नारंग ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया। इससे शेष भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए दूसरी पारी में भी शतक लगाया। पहली पारी में 213 रन बनाने वाले जायसवाल ने दूसरी पारी में 144 रन बनाये, जिससे शेष भारत की टीम अपनी दूसरी पारी में 246 रन बनाने में सफल रही। वहीं शेष भारत ने पहली पारी में 484 रन बनाए थे जबकि मध्य प्रदेश की टीम ने अपनी पहली पारी में 294 रन ही बनाये थे।












