ऊर्जा मंत्री तोमर ने बांटे सीएम राइज स्कूल लोकार्पण में आमंत्रण हेतु पीले चावल
ग्वालियर – शिक्षा के क्षेत्र में सीएम राइज स्कूल के जरिए ग्वालियर-15 में एक नई सामाजिक क्रांति का आरंभ हो रहा है। मध्य प्रदेश सरकार की इस योजना के जरिए, शासकीय स्कूलों को भी निजी स्कूलों की तर्ज पर सर्वसुविधा और संसाधनयुक्त बनाया जा रहा है। जहां हर गरीब परिवार के बच्चे भी आधुनिक शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। यह बात ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर -15 विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत सरदार बल्लभभाई पटेल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सीएम राइज स्कूल के लोकार्पण समारोह के आमंत्रण हेतु किलागेट से घास मण्डी तक पीले चावल वितरण करते हुए कही।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि सीएम राइज स्कूल योजना के तहत नवीन भवनों का निर्माण हो रहा है। योग्य, कुशल, कर्मठ तथा लगनशील शिक्षकों की व्यवस्था कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की व्यवस्था सरदार वल्लभ भाई पटेल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से की जा रही है। उन्होंने बताया कि सीएम राइज स्कूल यानि एक ही छत्त के नीचे निजी स्कूलों से बेहतर स्मार्ट क्लास रुम, लायब्रेरी, प्रयोगशाला खेल मैदान के समावेश वाला अत्याधुनिक गुरुकुल। जहां वह सभी सुविधाएं मुहैया होंगी, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरुरी हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के अध्यापकों और बच्चों में योग्यता और प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें सिर्फ अवसर और सुविधाएं देने की जरुरत है। इसीलिए अब ग्वालियर-15 विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को बेहतर सम्मान और सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।












