केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के पुत्र को प्रमोट करने आईपीएल की तर्ज पर एमपीएल, सीएम करेंगे उद्घाटन

0
79

@ हरीश चन्द्रा, ग्वालियर।

केन्द्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महान आर्यमन सिंधिया को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करने का सिलसिला जोर पकड़ गया है। इसके लिए 15 जून से शंकरपुर में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) की तर्ज पर मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग-सिंधिया कप(एमपीएल) का शुभारंभ होने जा रहा है। इसमें मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ ही केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मप्र विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी मौजूद रहेंगे। सीएम का ग्वालियर आगमन का कार्यक्रम “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत तीन करोड़ की लागत से संवारे गए सागरताल का लोकार्पण रखा गया है। सीएम के आगमन की तैयारियों में अधिकारी जुट गए हैं। दरअसल इस आयोजन की मुख्य भूमिका में महान आर्यमन को ही अप्रत्यक्ष रूप से रखा गया है ।

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने देखी व्यवस्थाएं

जनप्रतिनिधिगणों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने सागरताल एवं शंकरपुर स्थित नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम पहुँचकर व्यवस्थायें देखीं। साथ ही यहाँ की व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों से चर्चा की। संभाग आयुक्त एवं कलेक्टर ने सागरताल के समीप स्थापित किए गए वाटर हार्वेस्टिंग के नमूने का जायजा भी लिया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह व जिला भाजपा अध्यक्ष अभय चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संभाग आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने गुरूवार को कार्यक्रम स्थलों पर पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, जिला पंचायत सीईओ विवेक कुमार व अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार व टी एन सिंह सहित जिला प्रशासन, नगर निगम व पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY