भारत की अत्याधुनिक तकनीक से मूर्तरूप लेगी माँ रतनगढ़ सिंचाई परियोजना – केन्द्रीय मंत्री सिंधिया

0
101

 

ग्वालियर  –  केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत की अत्याधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक कौशल का इस्तेमाल कर “माँ रतनगढ़ बहुउद्देश्यीय सिंचाई परियोजना” को मूर्तरूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान द्वारा ग्वालियर एवं चंबल संभाग को सिंचाई परियोजना के रूप में दी गई इस क्रांतिकारी सौगात से किसानों के जीवन में खुशहाली के नए-नए आयाम जुड़ेंगे।  सिंधिया शुक्रवार को माँ रतनगढ़ बहुउद्देश्यीय सिंचाई परियोजना के तहत देवगढ़ – बिलौआ नहर प्रणाली के पम्प हाउस – 1 के निर्माण कार्य के भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

केन्द्रीय मंत्री  सिंधिया ने लगभग 272 करोड़ रूपए लागत की देवगढ़-बिलौआ नहर प्रणाली के तहत डबरा विकासखंड के ग्राम बरकरी के समीप बनने जा रहे पम्प हाउस निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके बाद ग्राम गिजौर्रा में इस उपलक्ष्य में आयोजित हुई जन सभा को संबोधित किया। समारोह की अध्यक्षता सांसद  विवेक नारायण शेजवलकर ने की।

इस अवसर पर जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  भारत सिंह कुशवाह, लघु उद्योग विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती इमरती देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण कौशल शर्मा, जनपद पंचायत की अध्यक्ष मती प्रवेश मेहताब सिंह गुर्जर तथा सर्व जवाहर सिंह रावत, मोहन सिंह राठौर, महेन्द्र सिंह यादव, वीरेन्द्र जैन, बज्जर सिंह गुर्जर, कप्तान सिंह सहसारी व नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मीदेवी चौरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। साथ ही कलेक्टर  अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  राजेश सिंह चंदेल, मुख्य अभियंता जल संसाधन  आर पी झा व एसडीएम डबरा  प्रखर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

केन्द्रीय मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लगभग 2245 करोड़ रूपए की लागत से मंजूर की गई माँ रतनगढ़ बहुउद्देश्यीय सिंचाई परियोजना से ग्वालियर, भिण्ड व दतिया जिले के 215 ग्रामों में 80 हजार हैक्टेयर से अधिक रकबे की सिंचाई होगी। इस परियोजना के हिस्से के रूप में 272 करोड़ रूपए लागत से मूर्तरूप लेने जा रही देवगढ़-बिलौआ प्रणाली से डबरा विधानसभा क्षेत्र के 36 ग्रामों की लगभग 19 हजार हैक्टेयर जमीन की सिंचाई होगी।  सिंधिया ने कहा कि यह अत्याधुनिक सिंचाई परियोजना पूरी तरह कम्प्यूटराईज्ड होगी और भूमिगत पाइप लाइन से उच्चदाब से सूक्ष्म सिंचाई पद्धति से पानी किसानों के खोतों तक पहुँचेगा। इस परियोजना के पम्प कम्पूटरीकृत पद्धति से संचालित होंगे और मोबाइल फोन से भी चालू व बंद किए जा सकेंगे। साथ ही सिंचाई के साथ-साथ पाइप लाइन व स्प्रिंकलर के जरिए कीटनाशक व खाद भी फसलों को दिया जा सकेगा। उन्होंने इस परियोजना को मंजूर करने के लिये क्षेत्रीय निवासियों की तरफ से मुख्यमंत्री  चौहान के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री  सिंधिया ने कहा कि सिंधिया रियासतकाल में बड़े माधौ महाराज द्वारा एशिया के सबसे बड़े मिट्टी के बाँध हरसी सहित तिघरा व पगारा जैसे बड़े बाँध तथा ग्वालियर – चंबल संभाग में छोटे-बड़े लगभग 790 जलाशयों का निर्माण कराकर सिंचाई सुविधाओं का जाल बिछाया। उन्होंने कहा खुशी की बात है कि प्रदेश सरकार ने भी सिंचाई सुविधा में क्रांतिकारी विस्तार किया है।

सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने भारत का मान-सम्मान व प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ-साथ अन्नदाता किसानों के जीवन में खुशहाली लाने के लिये किसान सम्मान निधि जैसी क्रांतिकारी योजनायें लागू की हैं। किसान हितैषी योजनाओं और अन्नदाता किसानों की मेहनत की बदौलत भारत अब अन्न का आयात नहीं अपितु निर्यात करने वाला प्रमुख देश बन गया है। उन्होंने कहा आजादी के अमृतकाल में प्रधानमंत्री मोदी ने आह्वान किया है कि शताब्दीकाल में विश्व पटल पर भारत को विश्व भर में सिरमौर राष्ट्र के रूप में स्थापित करे, यह हम सभी के सहयोग से संभव होगा।

 

नवम्बर माह तक बनकर तैयार हो जायेगी देवगढ़-बिलौआ नहर प्रणाली –  सिलावट

जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट ने इस अवसर पर जानकारी दी कि देवगढ़-बिलौआ नहर प्रणाली नवम्बर 2023 तक बनकर तैयार हो जायेगी। इससे डबरा विधानसभा क्षेत्र के 36 गाँवों के लगभग 20 हजार हैक्टेयर रकबे की सिंचाई होने लगेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2003 में मात्र 6 से 7 लाख हैक्टेयर रकबे में सिंचाई होती थी। प्रदेश सरकार ने क्रांतिकारी सिंचाई योजनायें शुरू कर सिंचाई का रकबा 45 लाख हैक्टेयर तक बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा वर्ष 2025 तक सिंचाई रकबे को बढ़ाकर 65 लाख हैक्टेयर करने का लक्ष्य सरकार ने निर्धारित किया है।  सिलावट ने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश भर में अग्रणी राज्य बन गया है। इसके लिये मध्यप्रदेश को सम्मान मिला है।

 

सिंचाई परियोजना से डबरा क्षेत्र के किसानों की तरक्की के नए द्वार खुलेंगे –  भारत सिंह कुशवाह

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि माँ रतनगढ़ बहुउद्देश्यीय सिंचाई परियोजना से जुड़ी देवगढ़-बिलौआ नहर प्रणाली के निर्माण से इस क्षेत्र में पैदावार के साथ-साथ जमीन की कीमत भी बढ़ेगी। इससे किसानों की तरक्की और प्रगति के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा डबरा क्षेत्र के किसानों के लिये आज विशेष खुशी का दिन है। साथ ही कहा कि हमारे क्षेत्र का सौभाग्य है कि केन्द्रीय मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया व  नरेन्द्र सिंह तोमर के रूप में सक्षम नेतृत्व मिला है। सक्षम नेतृत्व की बदौलत क्षेत्र में विकास में नए-नए आयाम जुड़ रहे हैं।

 

कम पानी में अधिक सिंचाई करने में सक्षम होगी सिंचाई परियोजना –  शेजवलकर

सांसद  विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि माँ रतनगढ़ बहुउद्देश्यीय सिंचाई परियोजना आधुनिक तकनीक से धरातल पर लाई जा रही है। इससे कम पानी में अधिक रकबे की सिंचाई हो सकेगी। केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए जा रहे क्रांतिकारी निर्णयों की कड़ी में ग्वालियर व चंबल क्षेत्र को इस परियोजना की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब खेती के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शुमार हो गया है।

 

लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष श्रीमती इमरती देवी ने रखी डबरा को जिला बनाने की माँग

लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष श्रीमती इमरती देवी ने डबरा क्षेत्र को बड़ी सिंचाई परियोजना की सौगात दिलाने के लिये मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान एवं केन्द्रीय मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार जताया। साथ ही क्षेत्रीय निवासियों की ओर से डबरा को जिला बनाने की मांग रखी। उन्होंने आग्रह किया कि जिला बनने से डबरा के दूरस्थ क्षेत्रों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

 

अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रम के लिये प्रभारी मंत्री ने दिया न्यौता

जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट ने सिंचाई परियोजना के भूमिपूजन समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद जनसमूह को ग्वालियर में 16 अप्रैल को मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में बाबा साहब अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने जा रहे राज्य स्तरीय समारोह में पधारने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा इस आयोजन में हितलाभ वितरण के साथ-साथ विकास कार्यों की बड़ी-बड़ी सौगातें सरकार देगी।

स्वागत उदबोधन भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण कौशल शर्मा ने दिया और क्षेत्रीय निवासियों की ओर से देवगढ़ – बिलौआ नहर प्रणाली की सौगात देने के लिए प्रदेश सरकार के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन  वीरेन्द्र जैन ने और अंत में सभी के प्रति राजू खटीक ने आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY