सिटी रिपोर्टर, ग्वालियर।
भारत सरकार के “Let’s Talk” कैम्पेन के तहत मनोरोग विभाग, गजरा राजा चिकित्सा महाविद्यालय, ग्वालियर द्वारा आत्महत्या रोकथाम विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया जिसमें मुख्य रुप से अधिष्ठाता डॉ.आर.के.एस.धाकड़, संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक जयारोग्य चिकित्सालय समूह डॉ.सुधीर सक्सेना, विभागाध्यक्ष मनोरोग विभाग डॉ.अतुल अग्रवाल एवं अन्य चिकित्सक व यूजी, पीजी छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए।
सेमिनार में यूजी छात्रों द्वारा आत्महत्या के कारकों व बचाव हेतु एक रोल प्ले (नाटक) का भी मंचन किया गया।

अधिष्ठाता डॉ.आर.के.एस.धाकड़ ने अपने संबोधन में कहा कि यदि कभी भी अकेले रहने का या आत्महत्या करने का विचार बार-बार आ रहा हो तो अपने मित्र या चिकित्सक से संवाद अवश्य करें। विद्यार्थी जीवन में अनेक बार अपने परिवार से दूर रहना पड़ता है, साथ ही परीक्षा में अव्वल आने का दबाव भी अनेक बार अवसाद को जन्म देता है इसलिए वार्निंग साइन को भी पहचानना चाहिए व ऐसी स्थिति में संवाद ही एकमात्र उपाय हो जाता है तथा हतोत्साहित कारकों से भी दूरी बनाना चाहिए।
संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक डॉ.सुधीर सक्सेना ने कहा कि स्वस्थ एवं स्वच्छ शरीर अनेक विकारों का नाश करता है और उसमें सबसे प्रमुख है डिप्रेशन, जो कि अंततः आत्महत्या की ओर प्रेरित करता है अतः शरीर को व्यायाम व योग से स्वस्थ रखें। साथ ही एनएमसी द्वारा विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य व अन्य समस्याओं हेतु मेंटर-मेंटी कार्यक्रम को लागू करने के लिए भी अधिष्ठाता डॉ.आर.के.एस.धाकड़ से आग्रह किया है।
विभागाध्यक्ष मनोरोग विभाग डॉ.अतुल अग्रवाल ने आत्महत्या के अनेक कारणों को विस्तार में बताया व कहा कि यदि किसी कारण से अवसाद की स्थिति बन रही है या किसी विद्यार्थी या चिकित्सक के मित्र को ऐसा अंदेशा लग रहा है तो वे बेहिचक मनोचिकित्सक की सलाह लें, साथ ही अपना खान-पान संतुलित बनाकर रखें। साथ ही जीवन में इस उतार-चढ़ाव से निकलना कैसे हैं इस पर विचार करना चाहिए क्योंकि आज यदि बुरा हो रहा है तो कल अवश्य अच्छा होगा।
अंत में अधिष्ठाता डॉ.आर.के.एस.धाकड़ ने आत्महत्या रोकथाम के लिए एक विशेष मुहिम समाज के अन्य बुद्धिजीवी वर्ग के साथ चलाने की सलाह भी मनोरोग विभाग को दी है।
सेमिनार का संचालन व कक्ष में उपस्थित छात्र-छात्राओं व फैकल्टी से इंटरेक्सशन सह प्राध्यापक मनोरोग विभाग डॉ.प्रियंका शर्मा द्वारा किया गया।












