पोस्ट पर बहस के बाद दोस्त ने विहिप कार्यकर्ता को मारी गोली

0
135

पोस्ट पर बहस के बाद दोस्त ने विहिप कार्यकर्ता को मारी गोली डॉक्टरों ने 4 घंटे आपरेशन कर पेट से निकाली गोली, आंत क्षतिग्रस्त, दिल और फेफड़े पर भी पड़ा असर

पोस्ट पर बहस के बाद दोस्त ने विहिप कार्यकर्ता को मारी गोली
मुरादाबाद -मुरादाबाद में महानगर के पार्श्वनाथ प्लाजा के पास शनिवार शाम विश्व हिंदू परिषद के महानगर सहमंत्री नया मुरादाबाद निवासी संतोष पांथरी उर्फ संतोष पंडित को बंगलागांव निवासी रजत शर्मा ने गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि फेसबुक पर एक पोस्ट को लेकर दोनों के बीच शुरु हुई बहसबाजी इस घटना का कारण बनी है।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के बयान को लेकर चार दिन पहले रजत ने फेसबुक पर पोस्ट की थी। बताया जाता है कि इस पर संतोष ने कमेंट किया था। दोनों के बीच तीखी बहस के बाद दोनों ने शनिवार शाम मिलना तय किया। शाम साढ़े छह बजे के करीब दोनों मिले और उनके बीच कहासुनी होने लगी। कहा जाता है कि इसके बाद रजत ने उन्हें लक्ष्य कर तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने से संतोष गंभीर होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने इस घटना की पुलिस को सूचना दी और संतोष को साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विहिप नेता संतोष पंडित को गोली मारने के बाद रजत तमंचे में दूसरी गोली लोड कर रहा था। तभी संतोष के साथी ने उसे धक्का दे दिया। तब तक वहां लोग भी एकत्र होने लगे थे। यह देख रजत वहां से भाग गया। मझोला थाना पुलिस ने संतोष के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

सीओ सिविल लाइंस डा अनूप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संतोष के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करके विवेचना की जा रही है। साईं अस्पताल में चार घंटे चले आपरेशन के बाद संतोष के पेट में फंसी गोली निकाल दी है। गोली ने आंत को क्षतिग्रस्त कर दिया है। फेफड़ों और दिल पर भी असर आया है। घटना की सूचना पाकर विहिप के प्रांत मंत्री राजकमल गुप्ता साईं अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया। परिजनों से बात कहते हुए उनकी आंखों से आंसू निकल आए।

LEAVE A REPLY