संभागीय आयुक्त मनोज खत्री गुरुवार को ग्वालियर दुग्ध संघ की गतिविधियों की समीक्षा की। दुग्ध संघ द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में दुग्ध संघ के कार्यपालन अधिकारी के साथ ही अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने कहा कि दुग्ध संघ द्वारा दुग्ध पदार्थों एवं घी विक्रय की उत्पादन लागत रिटेलर मार्जिन एवं डिस्ट्रीब्यूटर मार्जिन एवं उपभोक्ता दर की जानकारी एवं संघ की लाभात्मकता की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही दुग्ध संकलन वृद्धि हेतु संघ की क्या कार्ययोजना है और इसे किस प्रकार प्रभावशील किया जा रहा है, इसके संबंध में भी विस्तार से जानकारी दें। दुग्ध संघ कार्य क्षेत्र में अपमिश्रण रोकने एवं संघ में अच्छी गुणवत्ता का दूध प्राप्त करने हेतु दुग्ध संघ सार्थक प्रयास करे।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि संघ के कार्य क्षेत्र में आवंटित दुग्ध पार्लर बूथ एवं एजेंसियों का नियमित निरीक्षण कर उसकी मासिक समीक्षा की जाए। संभागीय आयुक्त श्री खत्री ने दुग्ध संघ की कैशबुक का भी निरीक्षण किया तथा दुग्ध संघ के किन-किन कर्मचारियों को एडवांस उपलब्ध कराया गया है, इसके संबंध में भी जानकारी ली। इसके साथ ही ऑडिट आपत्तियों का निराकरण भी तत्परता से करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने दुग्ध संघ की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।












