राजस्व महा अभियान के तहत तेजी से प्रकरणों का निराकरण करने के दिए निर्देश
जिले में राजस्व महा अभियान के तहत किए जा रहे राजस्व प्रकरणों के निराकरण, समग्र ई-केवायसी और नक्शा तरमीम कार्य के निरीक्षण के लिए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान रविवार को ग्रामीण अंचल में पहुँचीं। उन्होंने मुरार तहसील की ग्राम पंचायत सोनी व तानसेन तहसील की ग्राम पंचायत अर्रोली में खासतौर पर समग्र ई-केवायसी कार्य की वस्तुस्थिति जानी। साथ ही निर्देश दिए कि इस कार्य को अभियान बतौर पूरा करें।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने इस दौरान दोनों ग्राम पंचायतों में किसानों से भी चर्चा की और उन्हें समग्र ई-केवायसी के फायदे बताए। उन्होंने कहा कि समग्र ई-केवायसी कराने पर किसानो को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि व मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना सहित शासन की अन्य योजनाओं का लाभ मिलता है। इसलिए ऐसे किसान जिनकी समग्र ई-केवायसी नहीं हुई है, वे आगे आकर इस काम को अवश्य कराएँ।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती चौहान ने राजस्व महा अभियान के तहत नक्शा तरमीम व राजस्व प्रकरणों के निराकरण की वस्तुस्थिति भी जानी। साथ ही इस काम को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम मुरार अशोक चौहान, एसडीएम मुरार ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी व नायव तहसीलदार मुरार दीपेश धाकड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।












