सिटी रिपोर्टर ग्वालियर ! आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में सीमा सुरक्षा बल
अकादमी टेकनपुर की अश्रु गैस इकाई द्वारा 12 अक्टूबर को फूलबाग मैदान पर हथियार प्रणालियों की प्रदर्शनी लगाई जायेगी। प्रदर्शनी में खासतौर पर उन अप्राणघातक म्यूनेशन अर्थात हथियारों का प्रदर्शन किया जायेगा

जिनका उपयोग केन्द्रीय सशस्त्र बल एवं राज्य पुलिस बल द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जाता है। प्रदर्शनी में अश्रु गैस गन, मल्टी बैरल लॉन्चर “अग्नि वर्षा” और मल्टी शेल लॉन्चर इत्यादि हथियार आकर्षण का केन्द्र होंगे। साथ ही सीमा सुरक्षा बल के बैंड द्वारा देशभक्ति की
मनोरम धुनें भी आगुंतकों को आकर्षित करेंगीं। इस अवसर पर फूलबाग मैदान पर सीमा सुरक्षा बल द्वारा एक फोटो गैलरी भी लगाई
जायेगी। इस फोटो गैलरी में सीमा सुरक्षा बल के योगदान, 1971 भारत-पाक युद्ध, कारगिल युद्ध, आतंकवाद व नक्सल प्रभावित इलाकों और देश की सीमाओं की सुरक्षा में सीमा सुरक्षा
बल द्वारा दिए गए योगदान को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जायेगा।












