ग्वालियर दिनांक 04 नवम्बर 2024 – नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव ने आज सोमवार को पुरानी छावनी क्षेत्र मंे साफ सफाई सहित अन्य कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्षद मनोज यादव, अपर आयुक्त मुनीश सिंह सिकरवार, उपायुक्त अमर सत्य गुप्ता, रजनीश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री एपीएस जादौन, सीएचओ डाॅ. वैभव श्रीवास्तव, डाॅ. अनुज शर्मा, जेडओ अजय शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे

नगर निगम आयुक्त श्री अमन वैष्णव ने आज वार्ड 64 स्थित हीरा नगर पुरानी छावनी क्षेत्र में साफ सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुरानी छावनी मुख्य रोड पर अवैध वाहन धुलाई सेंटर संचालित पाया गया। जिसके द्वारा मुख्य रोड पर वाहनों की धुलाई की जा रही थी। उसे तत्काल बंद कराया गया तथा दो ट्रैक्टर एवं एक अन्य लोडिंग वाहन जब्त कर धुलाई सेंटर हटाने के निर्देश दिए गए। जिसको लेकर प्रभारी उपायुक्त डाॅ. अतिबल सिंह यादव द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए धुलाई सेंटर हटाया गया।
इसके साथ ही हीरा नगर पुरानी छावनी बस्ती में निरीक्षण किया तथा खराब सड़कों का एस्टीमेट बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिसमें नाला नाली का प्रावधान आवश्यक रूप से करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुरानी छावनी क्षेत्र में बने हाट बाजार की मरम्मत कर उसकी दुकानों का नियमानुसार आंवटन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में साफ सफाई व्यवस्था को देखा तथा गंदगी पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से सफाई कराने के निर्देश दिए।
साथ ही पुरानी छावनी क्षेत्र में स्थित एक शासकीय भूमि का भी अवलोकन किया जिसका व्यावसायिक उपयोग हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।












