रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव की व्यवस्थाएं बेहतर हों- प्रभारी मंत्री सिलावट

0
68

ग्वालियर वासियों से की अपील, कॉन्क्लेव के दौरान उत्कृष्ट मेजवानी का परिचय दें

यातायात व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत व स्ट्रीट लाइट सहित अन्य विकास कार्यों पर भी की चर्चा

सिटी रिपोर्टर, ग्वालियर।

जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के साथ-साथ ग्वालियर में आयोजित होने जा रही रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव की तैयारियों पर भी चर्चा की। साथ ही निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव के सफल आयोजन के लिए बेहतर से बेहतर व्यवस्थाएँ बनाएँ, जिससे देश-विदेश से आ रहे औद्योगिक प्रतिनिधियों को महसूस हो कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल वातावरण है।

सिलावट ने कहा कि रीजनल कॉन्क्लेव के सफल आयोजन के लिए शासन स्तर से यदि कोई अपेक्षाएँ हो तो उन्हें ध्यान में लाएँ, शासन स्तर से इनकी पूर्ति कराई जाएगी। प्रभारी मंत्री ने ग्वालियरवासियों से अपील की है कि वे रीजनल कॉन्क्लेव के आयोजन में सहयोग कर उत्कृष्ट मेजवान होने का परिचय दें। ज्ञात हो मुख्यमंत्री डाँ मोहन यादव की पहल पर ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में 28 अगस्त को रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव आयोजित होने जा रही है। यह कॉन्क्लेव राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगी।

प्रभारी मंत्री ने इस अवसर पर ग्वालियर शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, सड़कों की मरम्मत व स्ट्रीट लाइट, ग्रामीण नल जल योजनाएँ, स्वास्थ्य सेवाएँ एवं कानून व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर भी चर्चा की।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डाँ मोहन यादव की मंशा के अनुरूप रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव को ऐसा रूप दें जिससे ग्वालियर-चंबल अंचल सहित संपूर्ण मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता और व्यापारिक अवसरों से औद्योगिक प्रतिनिधिगण परिचित होकर औद्यागिक निवेश के लिए आकर्षित हों। उन्होंने कॉन्क्लेव आयोजन स्थल सहित ग्वालियर शहर में प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं एवं वैभव की व्यापक ब्राडिंग करने पर भी विशेष बल दिया। साथ ही कहा कि कॉन्क्लेव से पहले एयरपोर्ट मार्ग सहित शहर की सभी महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करें।
संभाग आयुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसपी एवं नगर निगम आयुक्त ने बैठक में भरोसा दिलाया कि रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव के सफल आयोजन के लिए उच्चकोटि की व्यवस्थाएँ की जाएँगी। सभी विभाग इस दिशा में आपसी समन्वय बनाकर सक्रियता से काम कर रहे हैं।

इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेज में आधा दर्जन औद्योगिक क्षेत्रों पर होंगे सत्र

औद्योगिक विकास निगम के कार्यकारी संचालक प्रतुल चन्द्र सिन्हा ने बैठक में जानकारी दी। रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव में बायर-सेलर मीट एवं इंडस्ट्रियल एग्जीवीशन लगेगी। साथ ही 6 प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र अर्थात एमएसएमई, लेदर एण्ड फुटवियर, स्टार्टअप, रियल एस्टेट एण्ड लोजिस्टिक्स टूरिज्म व एज्यूकेशन पर आधारित सत्र होंगे। कॉन्क्लेव का उदघाटन सत्र कृषि विश्व विद्यालय के दत्तोपंत ठेंगडी सभागार में आयोजित होगा। कॉन्क्लेव के लिए देशी-विदेशी प्रतिनिधियों को आमंत्रण पत्र भेजने का सिलसिला जारी है। साथ ही बायर-सेलर मीट के लिए ऑनलाइन पंजीयन भी हो रहा है।

शहर के नये वार्डों के विकास के लिए विशेष पैकेज दिलाने के प्रयास होंगे

प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि शहर के नये वार्डों के विकास के लिए विशेष पैकेज दिलाने के प्रयास शासन स्तर पर किए जाएँगे। उन्होंने इसका प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिए। प्रभारी मंत्री ने ग्वालियर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुख्ता कार्ययोजना बनाकर उस पर अमल करने के निर्देश दिए। साथ कहा कि सड़कों की मरम्मत व स्ट्रीट लाइट ठीक करने का काम युद्ध स्तर पर किया जाए। सिलावट ने सभी संजीवनी क्लीनिक को सक्रिय रखने एवं एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत ग्वालियर शहर के पार्कों, पहाड़ियों एवं अन्य स्थानों पर सभी की भागीदारी से वृहद स्तर पर वृक्षारोपण करने के लिए भी कहा। साथ ही निर्देश दिए एलीवेटड रोड़ सहित किसी भी विकास कार्य में बाधा नहीं आना चाहिए।
ग्रामीण नल जल योजनाओं को गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूर्ण करने पर प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने विशेष जोर दिया। साथ ही कहा कि नल जल योजनाओं के लिए खोदी गई गाँव के भीतर की सड़कों को मूल रूप में लाया जाए। इसमे कोई ढ़िलाई न हो। सिलावट ने छात्रावासों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने, स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने व शेष पात्र परिवारों को खाद्यान की पात्रता पर्ची उपलब्ध कराने के काम को प्रमुखता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर लगाएँ रासुका

प्रभारी मंत्री सिलावट ने युवा पीढ़ी को मादक पदार्थों की लत से बचाने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर रासुका लगाई जाए। साथ ही कहा कि कानून व्यवस्था में कोई ढ़िलाई न हो और पुलिस थाने में आने वाले फरियादियों के साथ पुलिस का व्यवहार सम्मान जनक व संवेदनशील हो। उन्होंने मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई के अलावा अन्य दिवसों में भी आमजन की शिकायतों को सुनने व निराकरण के लिए समय निर्धारित करने के लिए कहा।

शुक्रवार को प्रभारी मंत्री सिलावट द्वारा यहाँ व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार में ली गई बैठक में संभाग आयुक्त  मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक अरविन्द सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार, नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव, स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती नीतू माथूर, अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार व औद्योगिक विकास निगम के कार्यकारी संचालक  प्रतुल चन्द्र सिन्हा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY