जिले के गाँव-गाँव व कस्बे-कस्बे में निकल रही हैं तिरंगा यात्राएँ
हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के गाँव-गाँव व कस्बे-कस्बे में तिरंगा यात्राएँ निकाली जा रही है। इस कड़ी में डबरा, भितरवार व घाटीगाँव में भारतीय आन-बान व शान के प्रतीक तिरंगा को हाथों में थामकर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थायें एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकाली और घर-घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना रखकर देश की प्रगति में योगदान देने की सामूहिक रूप से शपथ ली। डबरा नगर पालिका क्षेत्र में निकली तिरंगा यात्रा में एसडीएम डबरा दिव्यांशु चौधरी शामिल हुए। इसी तरह भितरवार में एसडीएम डी एन सिंह एवं घाटीगाँव में एसडीएम राजीव समाधिया की अगुआई में तिरंगा यात्राएँ निकलीं। ग्वालियर जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी इसी तरह तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।












