कम वोटिंग पर मंत्री पद छिनने के अमित शाह के बयान ने चिंता बढ़ाई
विशेष संवाददाता, ग्वालियर।
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर लोकसभा सीट से प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह के समर्थन में रविवार को हजीरा चौराहा से रोड शो और उरवाई गेट पर सभा को संबोधित किया। इस आयोजन में क्षेत्रीय विधायक व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अच्छी खासी भीड़ जुटाने में सफल हुए। लोकसभा चुनाव के पिछले दो चरणों में कम वोटिंग ने भाजपा को चिंता में डाल दिया है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नसीहत दे दी है कि जिन मंत्रियों की विधानसभा क्षेत्र में वोटिंग प्रतिशत कम होगा, उनका मंत्री पद छीन लिया जाएगा। शाह की इस चेतावनी का असर दिखने लगा है। रविवार को ग्वालियर पहुंचे पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के हजीरा से उरवाई गेट तक के रोड शो और सभा में भीड़ जुटाकर क्षेत्रीय विधायक व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने तो अपने हिस्से का काम कर दिया है, अब वोट डालना जनता के हाथ है जो 7 मई को ही पता चलेगा।
मैं दिल्ली जा रहा हूं तो भारत को भी भेज दो
उरवाई गेट पर सभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कोई चेहरा ही नहीं है। कांग्रेसी आपकी संपत्ति को जब्त करना चाहते हैं। वे रामलला के विरोधी हैं। देश को टुकड़ों में बांटना चाहते हैं तो दूसरी ओर मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। मैं दिल्ली जा रहा हूं तो आप लोग भी भारत कुशवाह को जिताकर दिल्ली भेज दो। मैं दिल्ली से देखूंगा कि आपके लिए क्या करना है। भारत सिंह और मैं ग्वालियर के विकास में कोई कसर नहीं छोडेंगे। सभा को प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया। रोड शो में मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी थे। रोड शो मे जगह-जगह जोशीला स्वागत हुआ।
कसर नहीं छोड़ रहे तोमर
वैसे ऊर्जा मंत्री तोमर का ज्यादा समय शिवपुरी-गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए बीत रहा है लेकिन बीच-बीच में वे ग्वालियर आकर अपनी विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह को बढ़त दिलाने के लिए भी पूरी ताकत झोंके हुए हैं। अब तक उन्होंने पार्टी स्तर पर और अपने निजी स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किये हैं और जनसंपर्क करते रहे हैं। देखना है कि वे वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने और भारत सिंह कुशवाह को जीत दिलाने में सफल होते हैं या नहीं।












