मेयर इन काउंसिल की बैठक में लिए गए शहर विकास के अनेक निर्णय
ग्वालियर।
नगर निगम सीमा में स्थित सम्पत्ति के नामांतरण के लिए अब आपको दो हजार नहीं बल्कि 500 रुपये ही देना पड़ेंगे। यह राशि निगम को ही देना होगी। इसकी आपको रसीद मिलेगी। इसके बाद अब समाचार पत्र में विज्ञप्ति जारी न करते हुए निगम की बेवसाइट पर सूचना पटल पर चस्पा की जाएगी। एक सप्ताह तक आपत्ति न आने पर आपका नामांतरण कर दिया जाएगा। नगर निगम की मेयर इन काउंसिल में गुरुवार को यह बड़ा निर्णय लिया गया। नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल के प्रतिवेदन पर यह निर्णय हुआ। बालभवन के टीएलसी में गुरुवार को मेयर इन काउंसिल की बैठक महापौर डाॅ शोभा सतीश सिंह सिकरवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर विकास के विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
यह भी हुए निर्णय
-वित्तीय वर्ष 2022-23 में नगर निगम ग्वालियर अन्तर्गत स्थित सम्पत्तियों पर सम्पत्तिकर जमा करने पर 6 प्रतिशत छूट की अवधि अब 31 दिसम्बर कर दी है। दोनों ही मामले शुक्रवार को होने वाली निगम परिषद की बैठक में जाएंगे। सहमति मिलते ही मान्य हो जाएंगे। इसके साथ ही जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर की भांति नगर निगम ग्वालियर के कर्मचारियों को रुपये 2000/- प्रतिमाह एवं निगम पेंशनर्स को रुपये 1000/- प्रतिमाह चिकित्सा भत्ता दिये जाने बावत निगम आयुक्त के प्रतिवेदन को स्वीकृति प्रदान कर प्रकरण परिषद के विचार एवं निर्णय हेतु अग्रेषित किया गया।
-बजट वर्ष 2022-23 में वरिष्ठ पार्षदगण एवं वार्ड समिति निधि प्रावधान हेतु नवीन बजट मद प्रविष्टि कराये जाने एवं पुर्नविनियोजन बाबत निगम आयुक्त के प्रतिवेदन को स्वीकृत कर परिषद के विचार एवं निर्णय हेतु अग्रेषित किया गया।
-प्रधानमंत्री आवास योजना के ए.एच.पी. अन्तर्गत मानपुर-2 एवं मेहरा सिरोल पर 66 लिफ्ट स्थापित करना एवं संधारण कार्य के लिये अनुमापन राशि रुपये 11,94,60,000/- 18 प्रतिशत जी.एस.टी. कुल राशि रुपये 14,09,62,800 /- की तकनीकी प्रशासकीय, वित्तीय एवं निविदा आमंत्रण की स्वीकृति बावत् निगम आयुक्त के प्रतिवेदन को स्वीकृति प्रदान कर की गई।
-महारानी स्कूल, महाराज बाड़े के पीछे संचालित दो / चार पहिया वाहन पार्किंग का ठेका स्थानीय नागरिकों एवं क्षेत्रीय विधायक का विरोध करने के कारण पार्किंग का संचालन प्रारम्भ न होने से पार्किंग स्थल समाप्त कर ठेकेदार द्वारा जमा की गई राशि वापिस किये जाने की स्वीकृति बावत् निगमायुक्त के प्रतिवेदन को स्वीकृत किया गया।
-निगम सीमान्तर्गत पूर्व निर्धारित पेड पार्किंग के अलावा प्रस्ताव में उल्लेखित 07 ग्रुपों क्रमशः ए, बी, सी, डी, ई, एफ,जी एवं सरल क्र. 08 के स्थान हेतु पार्किंग स्थलों के ठेके देने हेतु एक वर्ष के लिए ऑफसेट / डिपोजिट राशि निर्धारित करते हुए प्रति वर्ष इन ग्रुप पार्किंगों पर ऑफसेट के विरुद्ध प्राप्त ऑफर पर पांच प्रतिशत की वृद्धि की जाकर आगामी वित्तीय वर्ष हेतु ऑफर आमंत्रित किये जाने तथा जिन पार्किंग स्थलों के ऑफर प्राप्त न होने से उन्हें विभागीय वसूली के माध्यम से संचालित किये जाने एवं प्रत्येक पार्किंग के लिए पृथक-पृथक ई-टेण्डर के माध्यम से निविदा आमंत्रित किये जाने की स्वीकृति बावत् निगम आयुक्त के प्रतिवेदन को स्वीकृत कर परिषद के विचार एवं निर्णय हेतु अग्रेषित किया गया।
नगर निगम ग्वालियर द्वारा जब्त किये गये 69 स्क्रेप वाहनों की नीलामी के साथ-साथ विभिन्न विभागों से उत्पन्न होने वाले सभी प्रकार के स्क्रेप मटेरियल वाहन एवं मशीनरी एवं मदाखलत विभाग द्वारा समय-समय पर जब्त की गई सामग्री / वाहन की नीलामी एम. एस.टी.सी. लिमिटेड के माध्यम से किये जाने की स्वीकृति बावत् निगम आयुक्त के प्रतिवेदन पर चर्चा कर स्वीकृति प्रदान की गई। मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल संभाग क्रमांक 01. ग्वालियर द्वारा स्वीकृत एवं विकसित वार्ड क्रमांक 61, कादम्बरी नगर कॉलोनी को नगर निगम ग्वालियर में हस्तांतरित करने एवं विकास कार्य हेतु राशि रुपये 1,24,46,910 /- जमा कराने व हस्तांतरित करने की स्वीकृति बावत निगम आयुक्त के प्रतिदिवेदन को स्वीकृति प्रदान कर परिषद के विचार एवं निर्णय हेतु अग्रेसित किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 अन्तर्गत भारत सरकार एवं म.प्र. शासन तथा नगरीय निकाय क्षेत्र में स्थित डम्पसाइट का वैज्ञानिक विधि से निष्पादन किये जाने हेतु एसएलटीसी से स्वीकृत अंशदान राशि रुपये 33,16,98,950 /- की प्रशासकीय एवं निविदा आमंत्रण की स्वीकृति बावत् निगम आयुक्त के प्रतिवेदन को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य अवधेश कौरव, सुरेश सिंह सोलंकी, श्रीमती सुनीता अरूणेश कुशवाह, श्रीमती आशा सुरेन्द्र चैहान, नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल, अपर आयुक्त अतेन्द्र सिंह गुर्जर, मुकुल गुप्ता, अपर आयुक्त वित्त श्रीमती रजनी शुक्ला, उपायुक्त अमर सत्य गुप्ता, एपीएस भदौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












