ग्वालियर – नगर निगम में PHE घोटाला मामले में क्राइमब्रांच ने 50 दिन की जांच के बाद 74 लोगों पर FIR की गई है। नगर निगम की PHE शाखा में 5 साल के दरमियान 71 खातों में करीब 18 करोड रुपए का भुगतान फर्जी तरीके से हुआ था। घोटाला पकड़ में आने के बाद 27 जुलाई को PHE विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में तत्कालीन सात अफसरों को भी आरोपी बनाया गया है।इनमें कार्यपालन यात्रियों में आरएन करहिया, अनूप चौधरी, वीके छारी, जागेश श्रीवास्तव, एमके उमरैया, राकेश राहोरा, संजय सिंह सोलंकी का नाम शामिल है।
ग्वालियर नगर निगम के PHE घोटाले में जांच के दौरान नए खुलासे हो रहे थे। जांच में कुल 18 करोड़ 92 लाख रुपए का गलत खातों में भुगतान होने का खुलासा हुआ है। इसके बाद कलेक्टर की मंजूरी मिलते ही गुरुवार रात कोषालय के वरिष्ठ अफसरों के दखल पर FIR दर्ज कराई गई।
कुल 81 खातों में गलत भुगतान हुआ है, इनके खातेदारों की संख्या 65 है। मुख्यालय ने 71 खातों में 16 करोड़ 42 लाख 13 हजार 853 रुपए की गड़बड़ी पकड़ते हुए जांच के निर्देश दिए थे।
जांच रिपोर्ट में 2 अगस्त 2018 से लेकर जांच होने तक 7 कार्यपालन यंत्री तैनात थे, इन सभी को आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा कर्मचारी अशोक कचौरिया और हीरालाल के साथ 65 अन्य खातेदारों के नाम भी FIR में शामिल किए गए हैं।












