दुबई – मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) ने पांच भारतीय क्रिकेटरों को आजीवन सदस्यता प्रदान कर सम्मानित किया है। जिन क्रिकेटरों को ये सम्मान दिया गया है।
वे हैं पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह , बल्लेबाज सुरेश रैना, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज और तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी। एमसीसी ने इसके अलावा आठ टेस्ट खेलने वाले देशों के 19 नए मानद आजीवन सदस्यों के नाम भी घोषित किये।
एमसीसी ने कहा, पांच भारतीय खिलाड़ियों को मानद आजीवन सदस्यता से सम्मानित किया गया है। इसमें शामिल झूलन ने पिछले साल लॉर्ड्स में इंग्लैंड के साथ महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय के बाद संन्यास ले लिया था।
झूलन महिला एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाली खिलाड़ी हैं जबकि मिताली राज ने 211 पारियों में 7,805 रन बनाकर महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाये हैं। इसमें कहा गया, धोनी और युवराज दोनों की ही 2007 आईसीसी पुरुष विश्व टी20 और 2011 एकदिवसीय विश्वकप आईसीसी पुरुष जीत में अहम भूमिका थी। वहीं रैना ने 13 साल के करियर में एकदिवसीय में 5,500 से ज्यादा रन बनाए हैं।
जिन अन्य क्रिकेटरों को सदस्यता मिली है, उनमें न्यूजीलैंड की एमी सैटरवेट और रॉस टेलर के अलावा वेस्टइंडीज की मेरिसा एगुलेरिया हैं।
इंग्लैंड की जेनी गुन, लॉरा मार्श, आन्या श्रबसोल और ऑयन मोर्गन तथा केविन पीटरसन, पाकिस्तान के मोहम्मद हफीज, बांग्लादेश के मशरफी मुर्तजा, दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन, ऑस्ट्रेलिया की राचेल हेन्स भी शामिल हैं।









