प्लेन में शराब पीकर हंगामा करने वाले 2 यात्री गिरफ्तार

0
106

मुंबई -आजकल प्लेन में यात्रियों की हरकतों की खबरें अक्सर आ रही हैं। अब दुबई से मुंबई आने वाली फ्लाइट में शराब पीकर हंगामा करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

ये दोनों ही आरोपी सालभर बाद इंडिगो फ्लाइट से दुबई से भारत लौट रहे थे। इस दौरान दोनों आरोपी खुशी में इतने मशगूल हो गए कि उड़ान के वक्त ही फ्लाइट में खुलेआम शराब पीने लगे। इतना ही नहीं, नशे में धुत दोनों आरोपियों ने बाकी यात्रियों के साथ बदतमीजी भी की।

एयरलाइन स्टाफ की शिकायत पर पुलिस ने दोनों ही आरोपियों पर केस दर्ज किया है। पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक दोनों यात्रियों ने चालक दल के साथ ही प्लेन में बैठे लोगों से कथित तौर पर गालीगलौच की।

एयर लाइन स्टाफ की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने वाली सहार पुलिस के अनुसार नालासोपारा के जॉन जी डिसूजा (49) और कोल्हापुर के मनबेट के दत्तात्रेय बापरडेकर (47) ने बताया कि उन्होंने जश्न मनाने के लिए हवा में आधी बोतल शराब गिराई थी। दोनों ही दुबई में एक साल काम करने के बाद भारत लौटे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी के तहत दूसरों की जिंदगी खतरे में डालने और विमान नियमों के तहत केस दर्ज किया है। इस साल मुंबई में अब तक का यह ऐसा सातवां मामला दर्ज किया गया है।

दोनों आरोपियों ने फ्लाइट के दुबई से उड़ान भरते ही शराब पीना शुरू कर दिया था। दोनों ने एक ड्यूटी-फ्री दुकान से खरीदी बोतलों से पीना शुरू कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब आरोपियों के बगल में बैठे यात्रियों ने ऐतराज किया तो दोनों नाराज हो गए और गालियां देने लगे। एयरलाइन ने अपनी शिकायत में कहा कि बापरडेकर नशे में उठकर आखिरी पंक्ति की एक सीट पर गए और चेतावनी देने के बावजूद भी शराब पीते रहे, जबकि डिसूजा ने अपनी सीट पर बैठकर ही शराब पीना जारी रखा। वहीं इस बीच जब एक केबिन क्रू मेंबर ने उनकी बोतलें ले लीं तो दोनों ने उसके साथ गाली-गलौच की, जिसके बाद चालक दल के कर्मचारी ने कैप्टन को सूचित किया और जैसे ही विमान मुंबई में उतरा, दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

LEAVE A REPLY