नई दिल्ली – दिल्ली के जनपथ इलाके में एक पांच सितारा होटल के बाहर एक बिजनेसमैन के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने बिजनेसमैन को लाठी-डंडों से जमकर पीटा है। वहीं पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। जख्मी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है जहां पर डॉक्टरों की टीम उसके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है पुलिस के मुताबिक घटना आठ मार्च की है। बिजनेसमैन और उसकी पत्नी मित्रों के साथ होली पार्टी मनाने के लिए होटल में गए थे।

इसी बीच बिजनेसमैन अपने मित्रों के साथ क्लब के बाहर बातचीत में मशगूल था जबकि उसकी पत्नी क्लब के अंदर थी। फिर वह क्लब में घुसने की कोशिश करने लगा। लेकिन बाउंसरों ने उसे ऐसा करने साफ मना कर दिया। फिर विवाद होने लगा और नौबत हाथापाई पर आ गई। बिजनेसमैन ने आरोप लगाया कि उसे लाठी-डंडों से पीटा गया। उसे इस दौरान गंभीजर चोटें आईं। वहीं इस संबंध में पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित ने आरोप लगाया है कि बाउंसर ने उन्हें पुरुषों का प्रवेश बंद होने के आधार पर क्लब में घुसने नहीं दिया।
जबकि उसकी पत्नी अंदर थी। पीड़ित ने होटल प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। पीड़ित का कहना है कि उसकी मांग है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। वहीं खबर है कि मारपीट की इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वहीं इस मामले में पुलिस के अधिकारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम घटना की जांच कर रही है। पुलिस क्लब के संचालक से बात करने की कोशिश कर रही है। साथ ही वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर आरोपियों के पहचान की कोशिश हो रही है। पुलिस ने पीड़ित से भी बात की है। उसके पक्ष को भी जाना है। साथ ही पीड़ित के रिश्तेदारों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई गई है।










