ग्वालियर जिले में भी मनाया गया विश्व उपभोक्ता संरक्षण दिवस

0
96

उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहीं चार संस्थाएँ पुरस्कृत/बाल भवन में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

ग्वालियर – ग्वालियर 15 मार्च 2023/ ग्वालियर जिले में भी 15 मार्च को विश्व उपभोक्ता संरक्षण एवं अधिकार दिवस मनाया गया। विश्व उपभोक्ता संरक्षण दिवस के उपलक्ष्य में यहाँ बाल भवन में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष तिवारी ने उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली चार संस्थाओं को संभागीय स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए।

विश्व उपभोक्ता संरक्षण दिवस पर बाल भवन में आयोजित हुए कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष तिवारी ने रोज सर्वजन उत्थान समिति को प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार रूपए की सम्मान निधि प्रदान की। इसी तरह मध्यप्रदेश प्राकृतिक चिकित्सालय तथा महाविद्यालय समिति को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 11 हजार रूपए और अलख संस्था और ऑल इंडिया कंज्यूमर एज्यूकेशन सोसायटी को तृतीय पुरस्कार के रूप में 2500 – 2500 रूपए की धनराशि प्रदान की गई।

बाल भवन में विश्व उपभोक्ता संरक्षण दिवस पर विभिन्न पेट्रोलियम गैस कंपनियों, नापतौल विभाग, सेंटर फॉर साइंस एण्ड हैरीटेज डवलपमेंट संस्था, खाद्य एवं औषधि प्रशासन सहित अन्य विभागों द्वारा उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिये प्रदर्शनी लगाई गईं।

बाल भवन के ऑडिटोरियम में विषय विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं के कानूनी अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री भीमसिंह तोमर एवं सहायक खाद्य अधिकारी श्री अवधेश पाण्डे सहित विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी व उपभोक्ता शामिल हुए।

LEAVE A REPLY