विकास यात्रा के तहत ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में 75 करोड़ रूपए के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
ग्वालियर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में 75 करोड़ रूपए से अधिक की राशि के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात प्रदान की है। उन्होंने कहा है कि ग्वालियर के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। इंदौर और भोपाल को अगर विकास के लिये एक रूपया दिया जायेगा तो ग्वालियर को प्रदेश सरकार सवा रूपया देगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने विकास यात्रा के तहत ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में यह बात कही। जेसी मिल गर्ल्स कॉलेज के पीछे आयोजित समारोह में विशेष तौर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, बीज एवं फॉर्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।
इन कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन
मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री के साथ जनप्रतिनिधियों ने जिन कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया, उनमें जेसी मिल गर्ल्स कॉलेज के पीछे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण लागत 3 करोड़ 56 लाख, प्रधानमंत्री आवास मानपुर परियोजना हेतु विद्युत उप केन्द्र की स्थापना लागत 2 करोड़ 51 लाख, सीएण्डडी वेस्ट प्लांट की स्थापना सोलर प्लांट लागत 6 करोड़ 55 लाख, चार शहर के नाके से मलगढ़ा तिराहे तक डाम्बरीकरण कार्य लागत 8 करोड़ 74 लाख रूपए का भूमिपूजन एवं आदर्श गौशाला लाल टिपारा में गौ आश्रय स्थल निर्माण एक करोड़ 10 लाख, जल प्रदाय प्रोजेक्ट 01 ग्रेविटी मेंस 1600 एमएम व्यास की पाइप लाईन लागत 49 करोड़ 57 लाख तथा छ: नंबर चौराहे से गोले के मंदिर तक डाम्बरीकरण एवं डिवाइजर पर ग्रिल लगाने का कार्य लागत 3 करोड़ 50 लाख रूपए का लोकर्पण कार्य शामिल हैं।
जेसी मिल श्रमिकों को पट्टे
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ग्वालियर में जेसी मिल के श्रमिकों को आवास के पट्टे देने का कार्य सरकार ने किया है। श्रमिकों के भुगतान के लिये भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किलागेट के विकास के साथ-साथ जेसी मिल स्कूल और कॉलेज को शासकीय करने के आधिपत्य में लेने की कार्रवाई की जायेगी। कोई कानूनी परेशानी न हुई तो शासकीय कर लिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के प्रति जन जागृति लाने की बात कहते हुए कहा कि कोई कारण नहीं है कि इंदौर की तरह ग्वालियर भी स्वच्छता में अव्वल आए। इसके लिये हम सबको संकल्प लेकर स्वच्छता के कार्य में अपना पूरा सहयोग देना होगा।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर में वह सबकुछ है जो एक बड़े महानगर में होना चाहिए। कुछ कम है तो कुछ ज्यादा । ग्वालियर ने विकास की रफ्तार पकड़ी है। आने वाले दिनों में हमारा ग्वालियर प्रदेश में नहीं देश में भी अपनी अलग पहचान स्थापित करने में कामयाब होगा। ग्वालियर में हवाई अड्डे का विस्तार हो या रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार का कार्य, एलीवेटेड रोड़ हो या कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना हो। ग्वालियर सभी क्षेत्रों में तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। इसका श्रेय देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को जाता है।
क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पाँच साल में जो विकास के वादे किए थे, उसमें से बहुत सा समय कोरोनाकाल में निकल गया है। इसके बाबजूद मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश भर में चौतरफा विकास के कार्य किए जा रहे हैं।
करोड़ों के विकास कार्य
कार्यक्रम के प्रारंभ में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि मैंने विकास के लिये जब भी मुख्यमंत्री श्री चौहान से कुछ माँगा है तो मुझे हमेशा प्राप्त हुआ है। केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार का मैं आभारी हूँ, जिनके सहयोग से मेरे क्षेत्र में 1100 करोड़ रूपए की एलीवेटेड रोड़ का काम न केवल स्वीकृत हुआ है बल्कि 6 स्थानों पर कार्य प्रारंभ भी हो गया है। जेसी मिल के श्रमिकों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आशियाने देने का जो कार्य किया गया है उसके लिये भी मैं उनका हृदय से आभारी हूँ। लगभग 75 करोड़ रूपए से अधिक की राशि के विकास कार्यों की आधारशिला एवं लोकार्पण करने के लिये मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज स्वयं आए हैं। उन्होंने कहा कि ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में जेसी मिल की जमीन पर 3 करोड़ रूपए की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। क्षेत्र में मनोरंजनालय भवन का सौंदर्यीकरण, सिविल अस्पताल हजीरा का विकास, शिक्षा के क्षेत्र में लगभग 110 करोड़ रूपए का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र में 5 संजीवनी क्लीनिक प्रारंभ की गई हैं, जिसका लाभ नागरिकों को मिल रहा है।












