इंदरगंज पार्क में खुला मिला चेंबर, केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने निगमायुक्त से जताई नाराजगी
ग्वालियर
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर दौरे के दूसरे दिन आज महादजी चौराहा पहुंचकर महादजी सिंधिया को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद सिंधिया इंदरगंज स्थित माधवराव सिंधिया प्रथम के पार्क(घोड़ा चौक) पर पहुंचे ।
निरीक्षण के दौरान घोड़े की पूंछ पर गंदगी और पार्क में पत्तियां थी, चेंबर का ढक्कन खुला हुआ था । इस पर सिंधिया ने नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल से नाराजगी जताते हुए कहा कि यह ठीक नहीं है। सिंधिया ने पार्क को हेरिटेज लुक में रखने के निर्देश दिए। पार्क की रेलिंग पहले हेरिटेज लुक में थी, जिसे निकालकर सादा कर दिया गया है । इससे सिंधिया खुश नहीं थे।
सिंधिया ने महादजी चौक से लेकर अचलेश्वर चौराहे तक के सौंदर्यीकरण की विकास योजनाओं पर मंथन किया। अधिकारियों ने नक्शे के साथ सिंधिया को सौंदर्यीकरण का पूरा रोडमैप बताया। इसके बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया टापू वाला मोहल्ले में विकास यात्रा में शामिल हुए जहां उन्होंने सबसे पहले भगवान वाल्मीकि मंदिर में पुष्पांजलि की और आरती की। सिंधिया ने यहां आंगनवाड़ी और स्कूल के बच्चों से बातचीत की, उसके बाद वाल्मीकि पार्क से शुरू हुई विकास यात्रा में संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सरकार की योजनाओं को गिनाया। सिंधिया ने कहा कि प्रदेश और देश की डबल इंजन सरकार मिलकर हर वर्ग का उत्थान कर रही है ग्वालियर में भी विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। सिंधिया ने कहा कि आज ग्वालियर में नए एयरपोर्ट, नए रेलवे स्टेशन, फ्लाईओवर, एलिवेटेड रोड, ओवरब्रिज सहित कई सौगातें केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से मिल रही है, सरकार हर वर्ग का ध्यान रख रही है।
(फोटो/वीडियो सचिन जैन)
#JyotiradityaSindhiya #iaskishorkanyal #nagarnigamgwalior #municipalcorporationgwalior












