ग्वालियर की बदहाली पर गरमाई सियासत, भाजपा ने महापौर और MIC के खिलाफ पारित किया निंदा प्रस्ताव

0
299

निंदा प्रस्ताव पारित होते ही कांग्रेस हुई आग बबूला, जवाबी हमले की तैयारी

ग्वालियर शहर की बदहाल सड़कों, सीवर ओवरफ्लो, गंदे पानी, अंधेरे और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अब सियासी घमासान तेज हो गया है। नगर निगम के मौजूदा कार्यकाल का करीब चार साल का समय पूरा हो चुका है और अगले चुनाव में अब एक साल से भी कम समय बचा है। ऐसे में भाजपा ने शहर की समस्याओं को लेकर कांग्रेस की महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार और उनकी मेयर इन काउंसिल (MIC) को सीधे निशाने पर लिया है।

भाजपा की जिला कार्यसमिति की बैठक में महापौर और मेयर इन काउंसिल के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में शहर के विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार से मिलने वाली राशि के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी उठाया गया।
पूर्व सांसद और पूर्व महापौर विवेक शेजवलकर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार से ग्वालियर के विकास के लिए आने वाली राशि का महापौर और MIC द्वारा दुरुपयोग होता दिखाई पड़ता है। उन्होंने मांग की कि केंद्र और राज्य सरकार से आवंटित राशि तथा ग्वालियर में खर्च की गई राशि का मदवार ब्यौरा सामने आना चाहिए।
इसी दौरान ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने शेजवलकर की बात का समर्थन करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कार्यसमिति में नगर निगम के महापौर और MIC के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की मांग रखी। जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया ने इस मांग को स्वीकार कर लिया।
इसके बाद पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने निंदा प्रस्ताव सदन में रखा। प्रस्ताव को ॐ के उच्चारण और दोनों हाथ उठाकर सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में इसी तर्ज पर रखे गए अन्य प्रस्ताव भी कार्यसमिति द्वारा पारित किए गए।
निंदा प्रस्ताव के बाद कांग्रेस का पलटवार
भाजपा के इस कदम के बाद कांग्रेस में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस ने भाजपा द्वारा महापौर और MIC के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है। कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए जल्द ही भाजपा के खिलाफ जवाबी हमला करने की चेतावनी दी है।
अब चुनावी समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, ग्वालियर नगर निगम का विकास और शहर की बदहाल व्यवस्थाएं एक बार फिर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनती दिखाई दे रही हैं। आने वाले दिनों में भाजपा और कांग्रेस के बीच इस मुद्दे पर आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने के आसार हैं।

LEAVE A REPLY