24 जून को होगी काउंसलिंग, सभी तैयारियां पूरी
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में लंबे अंतराल के बाद विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा 23 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक विश्वविद्यालय के ईस्ट कैंपस स्थित पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में लगभग 1750 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा के लिए परीक्षा भवन, प्रबंधन अध्ययन संस्थान, फार्मेसी विभाग, लॉ विभाग तथा इंजीनियरिंग भवन को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर सेंटर सुपरिटेंडेंट नियुक्त कर दिए गए हैं तथा उन्हें परीक्षा के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
प्रवेश परीक्षा के एडमिट कार्ड डाउनलोड होना शुरू हो गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा ओएमआर आधारित होगी तथा इसका परिणाम 24 जून की सुबह घोषित किया जाएगा।
बीसीए, बीबीए, बीकॉम, बीए एलएलबी तथा बीएससी एग्रीकल्चर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।

24 जून को होगी काउंसलिंग
प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद 24 जून को सुबह 10 बजे से अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा। प्रवेश शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा कराया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजकुमार आचार्य, अध्यक्ष प्रवेश समिति प्रो. डी.एन. गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी परीक्षा एवं काउंसलिंग की तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। कुलगुरु प्रो. आचार्य ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा एवं काउंसलिंग की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।












