‘पूरे ब्राह्मण समाज से माफी मांगता हूं…’, MP में ब्राह्मणों ने पिछड़ी जाति के कुशवाह युवक से पैर धुलवाए, वही पानी पिलाया

0
130

मध्य प्रदेश के दमोह में जातिवाद की शर्मनाक घटना
‘पूरे ब्राह्मण समाज से माफी मांगता हूं…’, MP में ब्राह्मणों ने पिछड़ी जाति के कुशवाह युवक से पैर धुलवाए, वही पानी पिलाया

पुरुषोत्तम कुशवाह ने अनुज पांडे की एक AI इमेज शेयर की थी। गांव के ब्राह्मण इक्कठा हुए और इसे पूरे ब्राह्मण समाज का अपमान बता दिया

दमोह, मप्र
मध्य प्रदेश के दमोह में AI से बनाई एक तस्वीर पोस्ट करने पर जातिवाद की शर्मनाक घटना सामने आई है। पंचायत के शराबबंदी कि फैसले के बाद ब्राह्मण समाज के एक युवक अनुज पांडे द्वारा गांव में शराब बेचने पर पुरुषोत्तम कुशवाह ने अनुज पांडे की मीम बनाकर वायरल कर दी थी इस पर विवाद हो गया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. किसी भी तनाव और अप्रिय घटना के मद्देनजर इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है
कैसे शुरू हुआ विवाद?
मामला दमोह जिले के सतारिया गांव का है। लोगों ने सामूहिक फैसला लेते हुए गांव में शराबबंदी लागू करने का फैसला लिया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस फैसला का उल्लंघन किया। शराब बेचने और पीने के मामले भी सामने आए। इसके बाद ग्राम पंचायत ने शराबबंदी का उल्लंघन करने वालों को गांव में घूमाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का आदेश दिया, 2,100 रुपये का जुर्माना भी लगाया। अनुज पांडे नाम का युवक भी शराब बेच रहा था।

AI से बनाया था फोटो
रिपोर्ट के मुताबिक, गांव के रहने वाले पुरुषोत्तम कुशवाह ने इंस्टाग्राम पर अनुज पांडे का मजाकिया मीम बनाकर एक फोटो पोस्ट कर दी थी। तस्वीर में एक अन्य शख्स जूतों की माला पहने हुए दिखाई दे रहा था। मीम पोस्ट होने के कुछ ही मिनटों में मामले ने तूल पकड़ लिया। विवाद बढ़ता देख पुरुषोत्तम ने 15 मिनट के भीतर पोस्ट डिलीट कर दी। सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी लेकिन बात यहीं नहीं थमी।
शुक्रवार, 10 अक्टूबर को सतारिया और आसपास के गांवों के ब्राह्मण समुदाय के कुछ लोग इकट्ठा हुए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट को पूरे समुदाय का अपमान बताया। आरोप है कि लोगों ने पुरुषोत्तम कुशवाह को ब्राह्मण समाज से ताल्लुक रखने वाले अनुज पांडे के पैर धोकर वही पानी पीने को मजबूर किया, साथ ही पूरे समाज से माफी मांगने को कहा।
एक वीडियो भी सामने आया इसमें पुरुषोत्तम को अनुज के पैर धोते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में आसपास काफी सारे लोग बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। वे उसे पैर धोने, माफी मांगने और गलती करने के एवज में 5100 रुपये देने के लिए कहते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में पुरुषोत्तम को भी कहता हुए सुना जा सकता है।

“मैं ब्राह्मण समुदाय से माफी मांगता हूं। ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी. हम ब्राह्मणों की इसी तरह पूजा करते रहेंगे।”

अनुज पांडे ने दी सफाई
अनुज ने दावा किया कि उसके और कुशवाहा के बीच “गुरु-शिष्य का रिश्ता” है और पुरुषोत्तम ने अपनी मर्जी से उसके पैर धोए थे। उसने अपनी गलती के लिए माफी भी मांगी है। अनुज पांडे ने कहा कि अगर कुशवाह समुदाय को उनके पैर धोने से ठेस पहुंची है तो वह उनसे माफी मांगता है। साथ ही आरोप लगाया कि ओबीसी समुदाय के कुछ लोग इसे राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं।
वहीं, रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि पुरुषोत्तम कुशवाह और उनके परिवार ने बदले की कार्रवाई के डर से इस मामले पर बोलने या शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है।
पुलिस ने क्या एक्शन लिया?
दमोह के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक तिवारी ने कहा कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है. FIR दर्ज की गई है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार इलाके में गश्त कर रही हैं।

LEAVE A REPLY