सिटी रिपोर्टर ग्वालियर !
जिले में बाल भिक्षावृत्ति पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख स्थलों से 15 बच्चों को भिक्षावृत्ति करते हुए पकड़ा और उन्हें विधिसम्मत प्रक्रियाके तहत पुनर्वास गृहों में आश्रय दिलाया गया।कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर गठित टीम ने मंगलवार को गोविंदपुरी
चौराहा, फूलबाग, मंशापूर्ण हनुमान मंदिर, खेड़ापति हनुमान मंदिर, नाग देवता मंदिर छत्री बाजार व नाग देवता मंदिर दौलतगंज क्षेत्र में बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ सघन अभियान चलाया। टीम ने
भिक्षावृत्ति में लिप्त परिवारों को अपने बच्चों से बाल भिक्षावृत्ति न कराने के लिये समझाया।
साथ ही सख्त चेतावनी भी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक श्री राहुल पाठक ने बताया कि नाग देवता मंदिर छत्री बाजार पर 10 बालक एवं 02 बालिका एवं 02 बालिकाओं को नाग देवता मंदिर दौलतगंज पर भिक्षावृत्ति से बचाया गया। इसके अलावा 01 बालक को मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर भिक्षावृत्ति से मुक्त कराया। इन सभी को बाल कल्याण समिति की समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से 11 बालकों को प्रगति महिला मंडल बालक गृह में और 04 बालिकाओं को मां कैला देवी बालिका गृह में आश्रय दिलाया गया है। इस अभियान में महिला बाल विकास विभाग, श्रम विभाग, विशेष किशोर पुलिस इकाई, नेहरू युवा केंद्र और सेंटर फॉर डेवलपमेंट स्वयंसेवी संस्था के सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।
यह अभियान एक अगस्त तक लगातार जारी रहेगा। टीम द्वारा आमजन से भी भिक्षावृत्ति को प्रोत्साहन न देने की अपील की गई है।












