ग्वालियर,नगर निगम के फायर ऑफिस के कर्मचारी राजकुमार बैस की आत्महत्या के मामले में हजीरा थाना पुलिस ने फायर अधिकारी विवेक दीक्षित और नोडल अधिकारी फायर श्रीकांत कांटे के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है।
एडिशनल एसपी ने बताया कि राजकुमार बैस ने 18 दिसंबर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी, भाई रामौतार, मृतक के सहकर्मियों के बयान लिए तो उनके बयानों के आधार पर जांच में सामने आया कि फायर बिग्रेड सब स्टेशन आनंद नगर से अग्निशमन की बैटरी चोरी गई थी। इस मामले में फायर अधिकारी विवेक दीक्षित और नोडल अधिकारी फायर श्रीकांत कांटे चोरी गई बैटरी के बदले राजकुमार पर 2 हजार रुपए जमा कराने का दबाव बना रहे थे। ऐसा न करने पर उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही थी। इससे तंग आकर बैस ने 18 दिसंबर को करीब 2.30 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। विवेचना के बाद पुलिस ने फायर अधिकारी और नोडल अधिकारी पर प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है।












