कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बारादरी चौराहे का किया निरीक्षण

0
66

शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला
प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा प्रथम चरण में इंदरगंज चौराहा एवं मुरार
बारादरी चौराहा पर यातायात को व्यवस्थित करने की कार्रवाई प्रारंभ की गई है। कलेक्टर
श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह सहित जिला प्रशासन, पुलिस
प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों ने शनिवार को संयुक्त रूप से मुरार बारादरी चौराहे
का निरीक्षण किया और व्यापारियों से चर्चा भी की। इसके साथ ही यातायात को सुगम बनाने
के उद्देश्य से अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर श्रीमती चौहान एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने बारादरी चौराहे पर लेफ्ट टर्न
को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लेफ्ट टर्न पर लगे ऑटो स्टैण्ड के बोर्ड को
पीछे स्थापित करने के साथ ही संचालित सभी ऑटो को स्टैण्ड से ही सवारी लेकर रवाना
कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लेफ्ट टर्न एवं यातायात में बाधक अस्थायी
अवरोध को भी हटाने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने निरीक्षण के दौरान बारादरी चौराहे के आसपास स्थापित सभी पेयजल प्याऊ को संधारित कर व्यवस्थित करने के निर्देश भी नगर निगम के अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही चौराहे के समीप ही स्थापित एक पुरानी बावड़ी का सौंदर्यीकरण कर लाइटिंग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यातायात को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों को मार्केट में माइकिंग के माध्यम से आवश्यक समझाइश देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आवश्यक समझाइश के पश्चात भी यातायात में बाधक अवरोधों को न हटाने पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बारादरी चौराहे की सड़कों पर खान-पान के ठेलों को
सड़क से पीछे स्थापित करने और व्यवस्थित करने के संबंध में संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के
निर्देश दिए। उन्होंने व्यवसाइयों से भी चर्चा कर यातायात को सुगम करने में सहयोग करने का
आग्रह किया।

LEAVE A REPLY