राजस्व महाअभियान के तहत आयोजित हो रहे हैं शिविर, मोहना व मिलावली ग्रामों में लगे शिविर
सिटी रिपोर्टर, ग्वालियर। ग्रामीणों की राजस्व एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं को मौके पर ही निराकृत करने के लिये जिले में दिन के साथ रात्रिकाल में भी शिविर लगाए जा रहे हैं। राजस्व महाअभियान के तहत इन शिविरों का आयोजन हो रहा है। इस क्रम में शुक्रवार को जिले के ग्राम मोहना व मिलावली में शिविर लगाए गए। 

राजस्व अधिकारियों ने रात्रिकालीन शिविर में राजस्व संबंधी कुछ समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया तो कुछ समस्याओं के निराकरण की रूपरेखा तय की। शिविरों के माध्यम से खासतौर पर फॉर्मर आईडी, ई-केवायसी, सीमांकन, बटवारा, अभिलेख दुरुस्ती एवं स्वामित्व योजना इत्यादि से संबंधित समस्यायें हल की गईं। इसके अलावा पीएम किसान पोर्टल पर ई-केवायसी, भू-लेख रिकॉर्ड की आधार से लिंकिंग एवं बैंक खाते से आधार लिंक कराकर डीबीटी (डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर) का काम भी इस दौरान किया गया। साथ ही नामांतरण, बटवारा व सीमांकन प्रकरणों के निराकरण की रूपरेखा तय की।












