लापरवाही पर संदीप शर्मा एवं कु. नीलम शर्मा की सेवाएं राज सिक्योरिटी फोर्स को वापिस
सिटी रिपोर्टर, ग्वालियर।
ग्वालियर नगर निगम के सिटी सेंटर स्थित निगम मुख्यालय की संबल शाखा में पिछले दिनों हुई आगजनी की घटना में जांच में आउटसोर्स के दो कर्मचारियों की लापरवाही साबित हुई है। जॉच समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के बाद नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव ने संदीप शर्मा पुत्र मिथलेश शर्मा, कुशल (आउटसोर्स) एवं कु. नीलम शर्मा पुत्री जय प्रकाश शर्मा, कुशल (आउटसोर्स) को नौकरी से हटाते हुए उनकी सेवा राज सिक्योरिटी फोर्स को वापस करने के दिए निर्देश।
![]()
नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव के जारी आदेशानुसार सिटी सेंटर स्थित निगम मुख्यालय भूतल में स्थित संबल शाखा अन्तर्गत आगजनी की घटना घटित हुई। जॉच समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन अनुसार आगजनी घटना के समय संदीप शर्मा कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। श्री शर्मा कार्यालयीन समय में कार्यालय को बंद कर अन्य कार्यालय में चले गये। इसी दौरान आगजनी की घटना घटित हुई। 2- कु. नीलम शर्मा समय 2ः35 बजे पार्क में लंच करने गयी हुई थी, जबकि कार्यालयीन लंच समय दोपहर 1ः30 बजे से 2ः00 बजे तक है। कार्यालयीन समय में कार्यालय में उपस्थित न होकर बाहर जाकर पार्क में बैठकर लंच किया गया। इसी दौरान खाली कार्यालय में आगजनी की घटना घटित हुई। जॉच समिति द्वारा संदीप शर्मा, आउटसोर्स (संबंल) एवं कु. नीलम शर्मा, आउटसोर्स (संबल) के विरूद्ध कार्यवाही किया जाना प्रतिवेदित किया गया था।
अतः जॉच समिति के प्रतिवेदन के कम में उक्त कृत्य के लिये संदीप शर्मा एवं कु. नीलम शर्मा की सेवायें तत्काल प्रभाव से राज सिक्योरिटी फोर्स एचओ-2, कौशल्या कॉम्पलेक्स, काली माता मंदिर के सामने पुल बोगदा, रायसेन रोड, भोपाल को वापस की जाती है।












